शिक्षा सबसे शक्तिशाली वह हथियार है, जिससे पूरी दुनिया को बदला जा सकता है। जिस समाज के हाथ में किताब और कलम दोनों होती हैं, वह समाज ना केवल जागरूक बनता है, बल्कि अपनी स्वतंत्रता और स्वाभिमान की रक्षा करना भी भली-भांति जानता है। किताबें हमें इतिहास के अनुभवों से सिखाती हैं, वर्तमान को समझने की दृष्टि देती हैं और भविष्य के निर्माण का मार्ग दिखाती हैं। जब लोग पढ़ते हैं तो उनके भीतर तर्क करने की क्षमता विकसित होती है। वे अंधविश्वास, रूढ़िवादिता और किसी भी प्रकार के शोषण के विरुद्ध खड़े होने का साहस जुटा पाते हैं।हमारे देश के महान समाज सुधारकों और विचारकों ने इस सत्य को भली-भांति पहचाना था। महात्मा ज्योतिबा फुले और सावित्रीबाई फुले ने सामाजिक रूढ़ियों और शोषण के विरुद्ध लड़ने के लिए शिक्षा को ही सबसे बड़ा हथियार बनाया। उन्होंने वंचितों और महिलाओं के हाथों में किताब और कलम थमाकर सदियों पुरानी मानसिक दासता को चुनौती दी। इसी विचार को आगे बढ़ाते हुए संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर ने “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” का मूलमंत्र दिया। उनका मानना था कि शिक्षा ही वह शेरनी का दूध है, जो इसे पिएगा वह दहाड़ेगा।वहीं, भारत के ‘मिसाइल मैन’ डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम ने भी हमेशा युवा पीढ़ी को पढ़ने और नवाचार करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि एक अच्छी किताब सौ अच्छे दोस्तों के बराबर होती है। किताबें हमें तर्क करने की शक्ति देती हैं, तो कलम अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने का साहस प्रदान करती है। अतः यह सत्य है कि ज्ञान से संपन्न समाज को ना तो कोई भ्रमित कर सकता है और ना ही दबा सकता है। एक सशक्त, स्वाभिमानी और स्वतंत्र राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है कि हम अपनी आने वाली पीढ़ियों को किताब और कलम की इस विरासत से जोड़ें।

