मूकनायक/सरिता रानी पानीपत/हरियाणा
रिफॉर्म उत्सव 2026-विकसित हरियाणा के लिए युवा सुधार के तीसरे दिन ‘समूह चर्चा एवं जन संवाद’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) विनीत जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। उन्होंने कहा कि समूह चर्चा एवं जन संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विचारों की अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील काजल ने ‘रिफॉर्म उत्सव 2026’ के तीसरे दिन आयोजित गतिविधि की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि ‘समूह चर्चा एवं जन संवाद’ का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश के विकास, वर्तमान चुनौतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श करने के लिए एक मंच प्रदान करना है। इस गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने, समस्याओं के समाधान सुझाने तथा लोकतांत्रिक संवाद की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला।उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे विकसित हरियाणा के निर्माण में अपने विचारों एवं रचनात्मक सुझावों के माध्यम से योगदान दें।
इस दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समूहों में विभाजित होकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समानता, युवा सहभागिता तथा विकसित हरियाणा के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने विभिन्न मुद्दों पर आपसी विचार-विमर्श करते हुए समस्याओं के व्यावहारिक समाधान सुझाए।
इस कार्यक्रम में एन.एस.एस. कार्यक्रम अधिकारी प्रो. पूजा रानी, डॉ. विजय सेठ, डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. बलवान सिंह तथा कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

