
‘रिफॉर्म उत्सव 2026’ के तीसरे दिन विद्यार्थियों ने शिक्षा, रोजगार, महिला सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण पर रखे विचार
पानीपत, हरियाणा। ‘विकसित हरियाणा के लिए युवा सुधार’ की थीम पर आयोजित ‘रिफॉर्म उत्सव 2026’ के तीसरे दिन समूह चर्चा एवं जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने प्रदेश के विकास, सामाजिक चुनौतियों और विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुधारों को लेकर अपने विचार साझा किए।
कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर (डॉ.) विनीत जैन ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र और प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति होते हैं। समूह चर्चा एवं जन संवाद जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में तार्किक सोच, विचारों की अभिव्यक्ति, नेतृत्व क्षमता तथा सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. सुनील काजल ने गतिविधि की जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को प्रदेश के विकास, वर्तमान चुनौतियों तथा विभिन्न क्षेत्रों में आवश्यक सुधारों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करना है। उन्होंने कहा कि इस माध्यम से विद्यार्थियों को अपने विचार साझा करने, समस्याओं के समाधान सुझाने और लोकतांत्रिक संवाद की प्रक्रिया को समझने का अवसर मिला। उन्होंने विद्यार्थियों से विकसित हरियाणा के निर्माण में अपने रचनात्मक सुझावों के माध्यम से योगदान देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न समूहों में विभाजित होकर शिक्षा व्यवस्था, रोजगार के अवसर, महिला सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण, सामाजिक समानता, युवा सहभागिता तथा विकसित हरियाणा के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की। विद्यार्थियों ने विभिन्न मुद्दों पर अपने विचार रखते हुए समस्याओं के व्यावहारिक समाधान भी सुझाए।
इस अवसर पर एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी प्रो. पूजा रानी, डॉ. विजय सेठ, डॉ. बलजीत सिंह, डॉ. बलवान सिंह सहित कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित रहे।

