Thursday, November 26, 2026
HomeUncategorizedछत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय में गरिमामय वातावरण में मनाया गया संविधान दिवस

मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र ने कहा—संविधान की वास्तविक शक्ति ‘हम भारत के लोग’ में निहित

बिलासपुर, 26 नवंबर। भारत के संविधान को अंगीकृत किए जाने की ऐतिहासिक स्मृति में छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय, बिलासपुर में संविधान दिवस गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में मनाया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में माननीय मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू उपस्थित रहे।

इस वर्ष संविधान दिवस की थीम ‘We the People: Strengthening India through Constitutional Values’ अर्थात ‘हम भारत के लोग : संवैधानिक मूल्यों के माध्यम से भारत को सशक्त बनाना’ रखी गई। इस अवसर पर मुख्य न्यायाधिपति एवं उपस्थित न्यायमूर्तियों ने भारतीय संविधान के प्रमुख शिल्पकार डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

समारोह में संविधान निर्माताओं के योगदान का स्मरण करते हुए न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के संवैधानिक आदर्शों के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की गई। मुख्य न्यायाधिपति न्यायमूर्ति कृष्न राम महापात्र ने अपने उद्बोधन में संवैधानिक मूल्यों के संरक्षण एवं संवर्धन की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि संविधान की वास्तविक शक्ति ‘हम भारत के लोग’ में निहित है। प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह संवैधानिक आदर्शों एवं मौलिक कर्तव्यों का पालन करते हुए सशक्त, समावेशी और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण में योगदान दे।

विशिष्ट अतिथि न्यायमूर्ति पार्थ प्रतीम साहू ने अपने वक्तव्य में कहा कि संविधान में प्रदत्त मौलिक अधिकारों के साथ मौलिक कर्तव्यों का निर्वहन भी सशक्त, समावेशी एवं उत्तरदायी लोकतांत्रिक राष्ट्र के निर्माण के लिए आवश्यक है। संवैधानिक आदर्श तभी सार्थक होंगे, जब वे संस्थागत व्यवहार, सामाजिक जीवन और दैनिक आचरण में दिखाई देंगे।

कार्यक्रम में उच्च न्यायालय के न्यायमूर्तिगण, महाधिवक्ता, अतिरिक्त सॉलिसिटर जनरल, छत्तीसगढ़ राज्य अधिवक्ता परिषद के अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष, रजिस्ट्रार जनरल, रजिस्ट्री के अधिकारी, न्यायिक अधिकारी, अधिवक्तागण एवं अन्य उपस्थित सदस्यों ने संविधान के मूल आदर्शों के प्रति अपनी निष्ठा और प्रतिबद्धता व्यक्त की।

समारोह का समापन इस संदेश के साथ हुआ कि सशक्त भारत का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक नागरिक न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता जैसे संवैधानिक मूल्यों को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाए।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments