Thursday, November 26, 2026
HomeUncategorizedसंविधान ही हमारा धर्मग्रंथ, हमारी ताकत और हमारी पहचान है -लेखक :...

संविधान ही हमारा धर्मग्रंथ, हमारी ताकत और हमारी पहचान है -लेखक : डॉ ओमप्रकाश वर्मा

26 नवम्बर 1949 का दिन भारत के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में लिखा गया। इसी दिन हमारे देश का संविधान बनकर तैयार हुआ और 26 जनवरी 1950 को उसे लागू किया गया। संविधान सिर्फ एक किताब नहीं है, यह 140 करोड़ भारतीयों की आत्मा है, उनके सपनों का दस्तावेज है, उनके अधिकारों की रक्षा कवच है।

संविधान से पहले इस देश में ऊँच-नीच, छुआछूत, भेदभाव और गुलामी की जंजीरें थीं। गरीब को बोलने का हक नहीं था, वंचित समाज को मंदिर जाने का हक नहीं था, महिला को पढ़ने का हक नहीं था। बाबासाहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के नेतृत्व में संविधान सभा ने 2 साल 11 महीने 18 दिन की कड़ी मेहनत के बाद ऐसा संविधान बनाया, जिसने सदियों से दबे-कुचले लोगों को सिर उठाकर जीने का अधिकार दिया।

संविधान ने हमें सबसे पहले इंसान बनाया। उसने कहा, इस देश में कोई छोटा-बड़ा नहीं है, कोई ऊँचा-नीचा नहीं है। अमीर हो या गरीब, हिन्दू हो या मुसलमान, सिख हो या ईसाई, महिला हो या पुरुष, दलित हो या पिछड़ा, सब बराबर हैं। यही समानता हमारी सबसे बड़ी ताकत है। संविधान ने हमें बोलने की आजादी दी, धर्म मानने की आजादी दी, शिक्षा का अधिकार दिया, वोट का अधिकार दिया, न्याय पाने का अधिकार दिया।

बाबासाहेब ने कहा था, संविधान कितना भी अच्छा क्यों न हो, अगर उसे लागू करने वाले अच्छे नहीं होंगे तो वह बुरा साबित होगा। आज यही बात सबसे ज्यादा जरूरी है। संविधान को सिर्फ किताबों में रखना, 26 नवम्बर को माला पहनाकर फोटो खिंचवाना काफी नहीं है। संविधान को अपने जीवन में उतारना होगा।

संविधान हमें सिर्फ अधिकार ही नहीं देता, कर्तव्य भी सिखाता है। देश की रक्षा करना, भाईचारा बनाए रखना, महिलाओं का सम्मान करना, पर्यावरण की रक्षा करना, वैज्ञानिक सोच को बढ़ाना, यह सब हमारे मौलिक कर्तव्य हैं। अगर हम अधिकार तो मांगें लेकिन कर्तव्य न निभाएं, तो लोकतंत्र कमजोर हो जाएगा।

आज जब समाज में नफरत, जातिवाद और धर्म के नाम पर लोगों को बांटा जा रहा है, तब संविधान ही हमें जोड़ता है। संविधान कहता है, हम सब पहले भारतीय हैं। जाति, धर्म, भाषा और क्षेत्र से ऊपर हमारा संविधान है। संविधान रहेगा तो लोकतंत्र रहेगा, लोकतंत्र रहेगा तो हमारी कलम रहेगी, हमारी आवाज रहेगी, हमारा अधिकार रहेगा।

मेरा मानना है कि संविधान सिर्फ वकीलों, जजों और नेताओं के लिए नहीं है। यह किसान के लिए है, मजदूर के लिए है, छात्र के लिए है, पत्रकार के लिए है, हर भारतीय के लिए है। हर घर में संविधान की प्रस्तावना होनी चाहिए। हर बच्चे को पता होना चाहिए कि हम भारत के लोग हैं, हमने भारत को एक सम्पूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतांत्रिक गणराज्य बनाने का संकल्प लिया है।

इसलिए इस संविधान दिवस पर आइए हम सब शपथ लें, हम संविधान की रक्षा करेंगे, हम हर गरीब, वंचित, दलित, पिछड़े और महिला के अधिकार के लिए आवाज उठाएंगे, हम नफरत के खिलाफ भाईचारा फैलाएंगे और बाबासाहेब के सपनों का भारत बनाएंगे। यही बाबासाहेब को सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

जय भीम, जय संविधान, जय भारत।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments