Thursday, November 26, 2026
HomeUncategorizedकस्टम मिलिंग में लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो राइस मिल...

कस्टम मिलिंग में लापरवाही पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दो राइस मिल सील

भौतिक सत्यापन में 66 हजार क्विंटल से अधिक धान की कमी उजागर, 20 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस

बिलासपुर, 26 नवंबर। कस्टम मिलिंग के तहत उठाए गए धान के विरुद्ध चावल जमा कराने में लापरवाही और भौतिक सत्यापन में भारी कमी पाए जाने पर जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर खाद्य विभाग की टीम ने कोटा स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल और बिलासपुर के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल का निरीक्षण कर दोनों मिलों को सील कर दिया। जांच में दोनों मिलों में कुल 66 हजार 66.4 क्विंटल धान कम पाया गया। इस अनियमितता पर आवश्यक वस्तु अधिनियम, 1955 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। वहीं, चावल जमा करने में अपेक्षित प्रगति नहीं लाने वाले 20 अन्य राइस मिलर्स को भी कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं।

36 हजार क्विंटल से अधिक धान की कमी मिली

खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 में समितियों एवं संग्रहण केंद्रों से उठाए गए धान के विरुद्ध मिलर्स को नागरिक आपूर्ति निगम और भारतीय खाद्य निगम में चावल जमा कराना है। इसी प्रक्रिया की समीक्षा के दौरान 26 नवंबर को खाद्य विभाग की टीम ने कोटा विकासखंड स्थित राजमुनि एग्रो राइस मिल का निरीक्षण किया। सहायक खाद्य अधिकारी अजय कुमार मौर्य तथा खाद्य निरीक्षक आशीष दीवान, ललिता शर्मा एवं वसुधा राजपूत ने मिल परिसर में धान का भौतिक सत्यापन किया। जांच में यहां 36 हजार 916.4 क्विंटल धान कम पाया गया।

बहतराई की पार्वती राइस मिल में भी मिली बड़ी कमी

इसी क्रम में खाद्य अधिकारी राजीव लोचन तिवारी तथा खाद्य निरीक्षक मंगेश कांत एवं वर्षा सिंह की टीम ने नगर निगम बिलासपुर क्षेत्र के बहतराई स्थित पार्वती राइस मिल का निरीक्षण किया। भौतिक सत्यापन में यहां भी 29 हजार 150 क्विंटल धान की कमी सामने आई। दोनों मिलों में अनियमितता पाए जाने पर प्रशासन ने उन्हें सील कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की है।

20 मिलर्स को नोटिस, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई

खाद्य नियंत्रक अमृत कुजूर ने बताया कि नागरिक आपूर्ति निगम में चावल जमा कराना सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है। निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप चावल जमा नहीं करने वाले 20 राइस मिलर्स को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कस्टम मिलिंग एवं चावल जमा करने के कार्य में लापरवाही बरतने वाले मिलर्स के विरुद्ध आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments