
बाबा साहेब डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण, आमजन को मिठाई एवं फलों का किया वितरण

बिलासपुर। आम आदमी पार्टी के 14वें स्थापना दिवस एवं संविधान दिवस के अवसर पर बिलासपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक रैली निकाली। रैली के माध्यम से कार्यकर्ता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा तक पहुंचे, जहां उन्होंने माल्यार्पण कर श्रद्धापूर्वक नमन किया। इस दौरान भारतीय संविधान के निर्माण में बाबा साहेब के अतुलनीय योगदान को याद किया गया तथा संविधान के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।

कार्यकर्ताओं ने आमजन के बीच पहुंचकर मिठाई एवं फलों का वितरण किया और स्थापना दिवस तथा संविधान दिवस की शुभकामनाएं दीं।

राजनीति का उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में बदलाव लाना : जसबीर सिंह
कार्यक्रम में नेता जसबीर सिंह ने कहा कि 26 नवंबर 2012 को राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व में आम आदमी पार्टी की स्थापना स्पष्ट विचारधारा और संकल्प के साथ हुई थी। पार्टी का उद्देश्य राजनीति को केवल सत्ता प्राप्ति का माध्यम बनाने के बजाय आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक और ठोस बदलाव लाना रहा है।
शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए महत्वपूर्ण प्रयास : प्रियंका शुक्ला
प्रदेश प्रवक्ता एवं अधिवक्ता प्रियंका शुक्ला ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में महत्वपूर्ण पहल की। सरकारी स्कूलों की व्यवस्था में सुधार, मोहल्ला क्लीनिकों की शुरुआत और आम जनता को राहत देने के लिए मुफ्त बिजली जैसी योजनाएं इसी जनकल्याणकारी सोच का परिणाम हैं। इसी विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पंजाब में भी शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार, किसानों और आम जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता दी जा रही है।
14 वर्षों का सफर जनभागीदारी और बेहतर भारत के संकल्प का प्रतीक : खगेश चंद्राकर
बिलासपुर जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर ने कहा कि आम आदमी पार्टी के 14 वर्षों का सफर आम आदमी की उम्मीदों, जनभागीदारी और बेहतर भारत के निर्माण के संकल्प का सफर है। संविधान दिवस के अवसर पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर के विचारों को आत्मसात करते हुए संविधान की प्रस्तावना में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के मूल्यों की रक्षा का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम में पूर्व संगठन महामंत्री जसबीर सिंह चावला, प्रदेश प्रवक्ता प्रियंका शुक्ला, जिला प्रभारी खगेश चंद्राकर, विधानसभा प्रभारी परदेसी रात्रे, बलदेव सोनी, संजय गढ़ेवाल, मुंगेली जिले के लोरमी प्रभारी मुकत्तावन, रितेश मिश्रा, चंद्रा साहू, संजय श्रीवास, रवि यादव, मनोज जांगड़े, ईश्वर साहू, मनबोध कौशिक, रुपेश बंजारे, चिंता देवी, नीतू मिश्रा, परदेसी यादव एवं कुणाल खांडे सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

