
बिनैका में संविधान दिवस पर बाबा साहेब को किया नमन, नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण का हुआ भूमिपूजन
संवाददाता : लक्ष्मी कांत, सुलौनी/मस्तूरी
बिनैका। ग्राम पंचायत डंगनिया के आश्रित ग्राम बिनैका में संविधान दिवस के अवसर पर गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर के छायाचित्र पर माल्यार्पण एवं पूजा-अर्चना कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने बाबा साहेब के जीवन संघर्ष, सामाजिक योगदान और भारतीय संविधान के निर्माण में उनकी ऐतिहासिक भूमिका का स्मरण किया।
कार्यक्रम के दौरान बाबा साहेब के जीवन एवं विचारों पर संगोष्ठी आयोजित की गई। वक्ताओं ने भारतीय संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूलभूत आदर्शों पर प्रकाश डालते हुए ग्रामीणों को संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक किया।
संविधान प्रत्येक नागरिक के अधिकारों का रक्षक : चंद्र प्रकाश सूर्या
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला पंचायत सभापति प्रतिनिधि एवं अनुसूचित जाति मोर्चा के भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष चंद्र प्रकाश सूर्या ने कहा कि भारतीय संविधान देश के प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार, सम्मान और न्याय प्रदान करने का आधार है। बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने अपना संपूर्ण जीवन सामाजिक भेदभाव समाप्त करने और वंचित वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए समर्पित किया। संविधान दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बाबा साहेब के संघर्ष, विचारों और योगदान को आत्मसात करने का दिन है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, समानता और सामाजिक सद्भाव को बढ़ावा देकर ही बाबा साहेब के सपनों का समाज बनाया जा सकता है।
शिक्षा और एकता से ही होगा समाज का विकास : ज्वाला बंजारे
जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे ने कहा कि बाबा साहेब ने शिक्षा को सामाजिक परिवर्तन का सबसे प्रभावशाली माध्यम बताया था। उनका संदेश ‘शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो’ आज भी समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। प्रत्येक व्यक्ति को संविधान के महत्व को समझने के साथ अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति सजग रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षा, आपसी भाईचारे और एकता की भावना को मजबूत करके ही समतामूलक समाज का निर्माण किया जा सकता है।
नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण का भूमिपूजन
संविधान दिवस कार्यक्रम के पश्चात ग्राम बिनैका में नवीन आंगनबाड़ी भवन निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। चंद्र प्रकाश सूर्या ने विधिवत पूजा-अर्चना कर भूमिपूजन संपन्न किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नवीन भवन के निर्माण से गांव के बच्चों को बेहतर शैक्षणिक एवं पोषण संबंधी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। साथ ही बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होगा।
कार्यक्रम में मल्हार मंडल अध्यक्ष रंजीत सिंह ठाकुर, सामाजिक कार्यकर्ता भागबली घृतलहरे, मल्हार भाजपा मंडल उपाध्यक्ष लोकनाथ बंजारे, जनपद सदस्य ज्वाला बंजारे, सरपंच हर प्रसाद भारते, उपसरपंच गोपाल जांगड़े, लल्लू पुरैना, राकेश टंडन, योगेश मिरी, राकेश जांगड़े एवं मनालाल टंडन सहित गांव के पंचगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

