मूकनायक समाचार । सूरत
सूरत के बहुचर्चित दुष्कर्म मामले में शुक्रवार को सूरत कोर्ट ने नारायण साई समेत पांच को दोषी घोषित किया है, जबकि अन्य पांच को निर्दोष घोषित किया गया है। कोर्ट 30 अप्रैल को इन दोषियों को सजा सुनाएगी। भारी पुलिस बंदोबस्त के बीच नारायण साई को कोर्ट लाया गया था, सुबह से ही कोर्ट परिसर में पुलिस ने सुरक्षा के लिए बैरिकेड लगा दिए थे। फैसला सुनाए जाने पर नारायण साई का चेहरा उतर गया था।
सूरत के जहांगीरपुरा आश्रम में काम करने वाली दो साध्वियों ने नारायण साई के खिलाफ 2013 की 6 अक्टूबर को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके बाद 6 दिसंबर को पुलिस ने नारायण साई को पंजाब-दिल्ली बॉर्डर से पकड़ लिया था। पुलिस ने नारायण साई की मदद करने वाले 9 और लोगों को भी गिरफ्तार किया था। इस दुष्कर्म मामले में शुक्रवार को सूरत कोर्ट में फैसला सुनाया जाना था, इसलिए सुबह से ही पुलिस बंदोबस्त तैनात कर दिया गया था। नारायण साई को लाजपोर जेल से सूरत कोर्ट लाया गया था। कोर्ट ने दोपहर में नारायण साई, कौशल उर्फ हनुमान ठाकुर, गंगा उर्फ धर्मिष्ठा, जमना उर्फ भावना और रमेश मल्होत्रा को दोषी घोषित किया है, जिनकी सजा 30 अप्रैल को सुनाई जाएगी। जबकि मोहित भोजवाणी, पंकज देवड़ा, अजय दीवान, नेहा दीवान और मोनिका अग्रवाल को निर्दोष घोषित किया गया है।

