Thursday, November 26, 2026
HomeUncategorizedबाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए सभी निभाएं सक्रिय सहभागिता :...

बाल विवाह मुक्त जिला बनाने के लिए सभी निभाएं सक्रिय सहभागिता : कलेक्टर विजय दयाराम के.

27 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं और जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से बाल विवाह रोकने का लिया जाएगा संकल्प

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 26 नवंबर। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर विजय दयाराम के. ने जिलेवासियों से इस अभियान में सक्रिय सहभागिता निभाने की अपील की है। उन्होंने 27 नवंबर को बाल विवाह उन्मूलन दिवस के अवसर पर विशेष ग्राम सभाओं सहित स्कूलों, महाविद्यालयों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित करने का आह्वान किया है।

कलेक्टर ने जिलेवासियों से बाल विवाह नहीं करने, न होने देने और ऐसी घटनाओं का विरोध करने की शपथ लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह एक सामाजिक कुरीति होने के साथ-साथ दंडनीय अपराध भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक एवं सामाजिक विकास प्रभावित होता है।

उन्होंने कहा कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए जनजागरूकता और सामूहिक प्रयास आवश्यक हैं। इस दिशा में समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी महत्वपूर्ण है।

कलेक्टर ने जिले के सभी जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं आम नागरिकों से बाल विवाह उन्मूलन अभियान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने तथा बच्चों के सुरक्षित एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए गौरेला-पेंड्रा-मरवाही को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प लेने की अपील की है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments