
अधिकारियों-कर्मचारियों ने संविधान के मूल आदर्शों, न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के प्रति दोहराई प्रतिबद्धता

रायपुर, 26 नवंबर। मंत्रालय महानदी भवन में गुरुवार को संविधान दिवस के अवसर पर मुख्य सचिव विकासशील की उपस्थिति में भारतीय संविधान की उद्देशिका का सामूहिक वाचन किया गया। इस दौरान मुख्य सचिव ने मंत्रालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका का वाचन कराया।
कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उद्देशिका में निहित संवैधानिक मूल्यों और आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उद्देशिका में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास, धर्म और उपासना की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प समाहित है।
इसके साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता सुनिश्चित करने वाली बंधुता को बढ़ावा देने का संदेश भी उद्देशिका में दिया गया है। संविधान दिवस के अवसर पर सामूहिक वाचन के माध्यम से संविधान के मूल सिद्धांतों और लोकतांत्रिक मूल्यों के महत्व को रेखांकित किया गया।

