
संविधान के मूल आदर्शों, न्याय, स्वतंत्रता, समता और बंधुता के प्रति प्रतिबद्धता दोहराई गई
रायपुर, 26 नवंबर। लोकभवन रायपुर में गुरुवार को संविधान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन किया। कार्यक्रम के माध्यम से संविधान में निहित मूल आदर्शों और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई गई।
उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारत के संविधान को अंगीकृत किया था। इसी ऐतिहासिक दिन की स्मृति में प्रतिवर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है।
इस अवसर पर राज्यपाल की उप सचिव निधि साहू सहित लोकभवन सचिवालय के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना का वाचन किया।
भारतीय संविधान की प्रस्तावना में भारत को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाने तथा सभी नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, प्रतिष्ठा और अवसर की समता सुनिश्चित करने का संकल्प व्यक्त किया गया है। साथ ही व्यक्ति की गरिमा तथा राष्ट्र की एकता और अखंडता बनाए रखने के लिए बंधुता को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया है।

