श्रमिकों के शोषण पर प्रशासन की रहेगी पैनी नजर, ईंट-भट्ठों पर प्रत्येक श्रमिक का रिकॉर्ड रखना अनिवार्य
मूकनायक/सरिता रानी/पानीपत
जिला सचिवालय सभागार में बुधवार को उपायुक्त डॉ. हरीश कुमार वशिष्ठ ने बंधुआ मजदूरी उन्मूलन अधिनियम-1976 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर विभिन्न विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंधुआ मजदूरी से संबंधित शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करें। इस मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उपायुक्त ने कहा कि बंधुआ मजदूरी केवल कानून का उल्लंघन नहीं, बल्कि मानव गरिमा और श्रमिकों के मौलिक अधिकारों का गंभीर हनन है। जिले में यदि किसी श्रमिक को बंधुआ मजदूरी के लिए मजबूर करने या उसका शोषण करने का मामला सामने आता है तो संबंधित विभाग तुरंत संज्ञान लेकर नियमानुसार सख्त कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य केवल शिकायतों पर कार्रवाई करना नहीं, बल्कि ऐसी परिस्थितियों को पैदा होने से पहले ही रोकना है। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि बंधुआ मजदूरी से संबंधित शिकायतों की जांच राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (एनएचआरसी) तथा भारत सरकार के श्रम एवं रोजगार मंत्रालय की ओर से जारी दिशा-निर्देशों और नई मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) के अनुरूप की जाए।
उपायुक्त ने जिला स्तर पर सतर्कता समिति का पुनर्गठन कर उसे सक्रिय बनाने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रमिकों के अधिकारों की निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके। उन्होंने बाल श्रम और बंधुआ मजदूरी के उन्मूलन के लिए ‘नो चाइल्ड लेबर, नो बॉन्डेड लेबर’ अभियान को प्रभावी ढंग से चलाने पर जोर दिया।
उन्होंने विशेष रूप से निर्देश दिए कि जिले के सभी ईंट-भट्ठों पर कार्यरत श्रमिकों का पूरा रिकॉर्ड तैयार किया जाए। संबंधित विभाग नियमित रूप से निरीक्षण करें और श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने के लिए समय-समय पर कार्यशालाओं का आयोजन करें।
उपायुक्त ने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता प्रत्येक श्रमिक को सम्मानजनक कार्य वातावरण, सुरक्षित जीवन और शोषणमुक्त माहौल उपलब्ध करवाना है। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

