असंध के 25 गांवों के चौकीदारों और गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक, अपराध नियंत्रण और नशा तस्करी रोकने पर जोर
मूकनायक रमेश पोडिया असन्ध करनाल/ हरियाणा
असंध, 23 नवंबर। ग्रामीण क्षेत्रों में अपराध और नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए करनाल पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। पुलिस अधीक्षक करन गोयल, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना असंध प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार ने थाना क्षेत्र के 25 गांवों के चौकीदारों एवं गणमान्य व्यक्तियों के साथ बैठक कर अपराध नियंत्रण, नशा तस्करी की रोकथाम तथा पुलिस और पंचायत के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर चर्चा की।
बैठक में गोहत्या, गोतस्करी, नशा तस्करी, साइबर अपराध, धोखाधड़ी और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए विस्तृत रणनीति बनाई गई। थाना प्रभारी ने कहा कि गांवों में किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि या अवैध कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा। अपराध होने के बाद कार्रवाई करने के साथ-साथ उसे पहले ही रोकना पुलिस की प्राथमिकता है। इसके लिए पुलिस, पंचायत और आमजन का आपसी सहयोग आवश्यक है।
संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तुरंत पुलिस को दें चौकीदार
थाना प्रभारी राजेश कुमार ने चौकीदारों से अपने-अपने गांवों में संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोहत्या, गोतस्करी, नशे की बिक्री अथवा किसी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गोपनीय रखने का पूरा ध्यान रखा जाएगा।
नशा तस्करी के नेटवर्क को तोड़ने पर जोर
बैठक में नशा तस्करों के नेटवर्क पर अंकुश लगाने और युवाओं को नशे से दूर रखने को लेकर विशेष चर्चा की गई। थाना प्रभारी ने कहा कि नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार और समाज को प्रभावित करता है। युवाओं को नशे और अपराध से बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
ग्रामीणों को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करते हुए अनजान व्यक्तियों के साथ बैंक संबंधी जानकारी, ओटीपी, पासवर्ड और अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने की सलाह भी दी गई।
युवाओं को शिक्षा और खेलकूद से जोड़ने का आह्वान
थाना प्रभारी ने चौकीदारों एवं गणमान्य व्यक्तियों से युवाओं को शिक्षा, खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं को गलत संगत, नशे और अपराध से दूर रखकर सही दिशा देना पुलिस, पंचायत और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में उपस्थित चौकीदारों एवं गणमान्य व्यक्तियों ने गांवों में अपराध और अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को हरसंभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। करनाल पुलिस द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में शांति, सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आमजन के सहयोग से ऐसे प्रयास निरंतर जारी रहेंगे।
इस अवसर पर थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सहित चौकीदार रमेश चंद, संजीव कुमार, अशोक कुमार, महिंद्र सिंह, सोहन लाल, रेखा देवी, मेवा सिंह, रुकसाना, प्रीतम सिंह, चरण सिंह, विनोद, बीरा, नरेश कुमार, अमित कुमार, अनिल कुमार, अजगर, सुरेश कुमार, दीपक कुमार, सुनील कुमार, संजय कुमार, आजम खान सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

