रायपुर। राष्ट्रीय जनगणना में अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) की जातिगत गणना और आबादी के अनुपात में उचित हिस्सेदारी सुनिश्चित करने की मांग को लेकर रायपुर के फूल चौक में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। अखिल भारतीय जातिगत जनगणना समन्वय समिति (छत्तीसगढ़ प्रदेश) के बैनर तले आयोजित इस बैठक में प्रदेशभर से पहुंचे ओबीसी संगठनों के पदाधिकारियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 नवंबर को नई दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में आयोजित होने वाले विशाल आंदोलन में छत्तीसगढ़ से हजारों लोग शामिल होंगे।
सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों के लिए एकजुटता जरूरी

बैठक के मुख्य अतिथि एवं राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य डॉ. पुष्पराज सिंह ने आंदोलन की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि सामाजिक न्याय और संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए समाज की एकजुटता समय की सबसे बड़ी मांग है। उन्होंने ओबीसी समाज के अधिकारों और जातिगत जनगणना की आवश्यकता को लेकर व्यापक जनजागरण पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संयोजन इंजी. रामजी सिंह कबीर ने किया। इस दौरान नारायण पटेल, आरपी साहू, कल्याण सिंह और हेमराज सिंह सहित अन्य वक्ताओं ने जातिगत जनगणना की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि पिछड़े वर्गों की वास्तविक सामाजिक और आर्थिक स्थिति का आकलन सटीक आंकड़ों के बिना संभव नहीं है। जातिगत जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर ही शिक्षा, रोजगार और सामाजिक उत्थान के लिए प्रभावी नीतियां बनाई जा सकती हैं।
समान अवसर और समान शुरुआत पर जोर
बैठक में विप्लव साहू ने कहा कि देश के प्रत्येक नागरिक को अपने व्यक्तित्व और क्षमता के विकास के लिए समान अवसर तथा समान ‘स्टार्टिंग लाइन’ मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जब समाज के सभी वर्गों को आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त होंगे, तभी प्रत्येक व्यक्ति अपनी पूरी उत्पादक क्षमता के साथ देश के विकास में योगदान दे सकेगा।
उन्होंने कहा कि समान अवसरों और सामाजिक न्याय की व्यवस्था मजबूत होने पर ही भारत वास्तविक अर्थों में विकसित राष्ट्रों की पंक्ति में खड़ा हो सकेगा।
24 राज्यों के प्रतिनिधियों के जुटने का दावा
आयोजकों के अनुसार, 28 नवंबर को नई दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाले आंदोलन में देश के करीब 24 राज्यों से ओबीसी समाज और अन्य वर्गों के हजारों प्रतिनिधि शामिल होंगे। आंदोलन के माध्यम से केंद्र सरकार के समक्ष राष्ट्रीय जनगणना में ओबीसी की जातिगत गणना कराने की मांग प्रमुखता से रखी जाएगी।
आयोजकों का कहना है कि जातिगत जनगणना से प्राप्त आंकड़ों के आधार पर शिक्षा, रोजगार और अन्य क्षेत्रों में जनसंख्या के अनुपात में उचित अवसर और भागीदारी सुनिश्चित करने की दिशा में कदम उठाए जा सकेंगे।

बैठक में बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित
बैठक में ओबीसी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष राधेश्याम, छत्तीसगढ़ सर्व ओबीसी संघर्ष समिति की टिकेश्वरी सिन्हा (कांकेर-बस्तर संभाग), ओबीसी संगम छत्तीसगढ़ के विष्णु बघेल, ओबीसी महासभा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष खिलेश्वरी साहू, अंबिकापुर के नरेश रजवाड़े, बिलासपुर के बृजेश साहू एवं श्याममुरत कौशिक, डॉ. दीप्ति धुरंधर, रामलाल गुप्ता, गौतम दास साहू, महेश गौरव, पं. जी.पी. साहू, डॉ. नरेश कुमार साहू, प्रो. हेमलाल कौशिक (खैरागढ़), डॉ. रविन्द्र बघेल, एड. महेंद्र कुमार साहू (मानपुर), पार्वती साहू, पंचम साहू, भगवती सोनकर, विद्या सिन्हा, कांति मौर्या और बीरेंद्र निर्मलकर सहित बड़ी संख्या में सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में सभी उपस्थित प्रतिनिधियों ने 28 नवंबर को दिल्ली में होने वाले आंदोलन को सफल बनाने और छत्तीसगढ़ से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।

