प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने और महाराजा बलि के आदर्शों को जीवन में उतारने का दिया संदेश
मूकनायक विष्णु शिंदे

पीपलरावां। प्रेरणा प्रोत्साहन समिति मध्य प्रदेश के तत्वावधान में शुक्रवार, 20 नवंबर को ग्राम घिंचलाय स्थित समिति के प्रदेश अध्यक्ष अंबाराम मालवीय के कृषि फार्म पर चक्रवर्ती सम्राट महाराजा बलि जयंती प्राकृतिक दिवस के रूप में श्रद्धा, उत्साह एवं विचारपूर्ण वातावरण में मनाई गई। आयोजन शाम 4 बजे प्रकृति के सानिध्य में संपन्न हुआ, जहां उपस्थित सदस्यों ने महाराजा बलि के आदर्शों को स्मरण करते हुए प्राकृतिक जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का नेतृत्व डॉ. यशवंत सोलंकी ने किया, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व सरपंच धन सिंह धाकड़ उपस्थित रहे। कार्यक्रम में अतिथियों एवं समिति सदस्यों ने चक्रवर्ती सम्राट महाराजा बलि के छायाचित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा उनके आदर्शों, विचारों और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।
इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि महाराजा बलि के आदर्श हमें सादगी, मानवीय मूल्यों, प्रकृति के प्रति सम्मान और समर्पण की प्रेरणा देते हैं। जयंती समारोह को किसी भवन या औपचारिक मंच के बजाय कृषि फार्म पर आयोजित करने का उद्देश्य भी प्रकृति के बीच रहकर प्राकृतिक जीवनशैली का संदेश जन-जन तक पहुंचाना रहा। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्रकृति से जुड़ना, पर्यावरण का संरक्षण करना और जीवन में प्राकृतिक मूल्यों को अपनाना बेहद आवश्यक है।
प्रेरणा प्रोत्साहन समिति का उद्देश्य शुद्ध प्राकृतिक विचारों, संदेशों एवं जीवनशैली की विचारधारा को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने प्रकृति के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए निरंतर प्रयास करने तथा प्राकृतिक जीवनशैली को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का सामूहिक संकल्प लिया।
कार्यक्रम में शंकर सिंदल, पूर्व पार्षद एवं प्रदेश संयोजक प्रेरणा प्रोत्साहन समिति मध्य प्रदेश, प्रदेश अध्यक्ष अंबाराम मालवीय, कैलाश ठेकेदार, अंबाराम शिंदे, वरिष्ठ समाजसेवी संतोष सिंदल, पत्रकार साजिद पठान, रमेश चंद तिलावदिया सहित अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
समारोह के माध्यम से संदेश दिया गया कि जयंती केवल मनाने का अवसर नहीं, बल्कि महापुरुषों के आदर्शों को व्यवहार में उतारने का संकल्प है। प्राकृतिक जीवन अपनाएं, प्रकृति का सम्मान करें और उसके संरक्षण में अपनी भागीदारी निभाएं।

