मूकनायक समाचार । सूरत
सूरत के पांडेसरा इलाके में एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने देह व्यापार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक कथित अड्डे का पर्दाफाश किया है। दक्षेश्वरनगर सोसायटी में की गई छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो महिलाओं को मुक्त कराया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। मामले में तीन अन्य आरोपियों को वांछित घोषित किया गया है।
पुलिस के अनुसार, दक्षेश्वरनगर में कथित तौर पर देह व्यापार का संचालन किया जा रहा था। ग्राहकों से प्रति व्यक्ति करीब 1,000 रुपये वसूल किए जाने की बात जांच में सामने आई है। कार्रवाई के दौरान बाबुल उर्फ बबलू मकसद मंडल को गिरफ्तार किया गया, जबकि राजू बंगाली सहित तीन आरोपियों की तलाश की जा रही है।
पुलिस ने की छापेमारी के दौरान पुलिस ने करीब 8 हजार रुपये का मुद्देमाल बरामद किया। इसमें नकदी के अलावा 101 कंडोम समेत अन्य सामान शामिल बताया गया है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि कथित तौर पर पीड़ित महिलाओं को प्रति ग्राहक केवल 300 रुपये दिए जाते थे।
पुलिस ने अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम (ITPA) के तहत मामला दर्ज किया है। प्रारंभिक कार्रवाई AHTU द्वारा किए जाने के बाद मामले की आगे की जांच पांडेसरा पुलिस को सौंप दी गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित देह व्यापार का नेटवर्क कितने समय से सक्रिय था और इसमें अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही वांछित आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी तलाश जारी है।

