Tuesday, October 20, 2026
Homeगुजरातनई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ‘टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ में चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला...

नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय ‘टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ में चैंबर अध्यक्ष अशोक जीरावाला की विशेष उपस्थिति

केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह के समक्ष सूरत के कपड़ा उद्योग की चुनौतियां रखीं; सूरत में आयोजित होने वाले कार्यक्रम के लिए दिया औपचारिक निमंत्रण

कपड़ा क्षेत्र के सूक्ष्म एवं लघु उद्योगों को वित्तीय सहायता और निर्यात सुविधा केंद्रों के माध्यम से वैश्विक बाजारों से जोड़ने के लिए केंद्र सरकार प्रतिबद्ध : केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह

लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित सम्मेलन में देशभर से 400 से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमी हुए शामिल

मूकनायक समाचार । सूरत

नई दिल्ली में लघु उद्योग भारती द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर के ‘टेक्सटाइल कॉन्क्लेव-2026’ में दि सदर्न गुजरात चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (SGCCI) के अध्यक्ष श्री अशोक जीरावाला ने विशेष रूप से उपस्थित होकर देश के प्रमुख कपड़ा केंद्र सूरत का प्रतिनिधित्व किया। सम्मेलन के दौरान मंच पर उनका विशेष स्वागत किया गया। सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन केंद्रीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने किया।
कॉन्क्लेव के दौरान चैंबर अध्यक्ष श्री अशोक जीरावाला ने केंद्रीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह से मुलाकात की। इस अवसर पर उन्होंने सूरत के विशाल कपड़ा उद्योग से जुड़े वर्तमान रुझानों, उत्पादन क्षमता, मशीनरी के आधुनिकीकरण, धागे एवं कपड़े से संबंधित नीतिगत मुद्दों तथा स्थानीय उद्यमियों के सामने आ रही व्यावहारिक चुनौतियों पर संक्षिप्त चर्चा की।
श्री जीरावाला ने केंद्रीय मंत्री को आगामी दिनों में सूरत में चैंबर द्वारा आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होने के लिए औपचारिक निमंत्रण भी दिया, जिसे केंद्रीय मंत्री ने सहर्ष स्वीकार किया।
निर्यात बढ़ाने और वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सरकार प्रतिबद्ध : गिरिराज सिंह
उद्घाटन संबोधन में केंद्रीय कपड़ा मंत्री श्री गिरिराज सिंह ने कहा कि देश के कपड़ा क्षेत्र से जुड़े सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSME) को मजबूत बनाने, उन्हें सुगम वित्तीय सहायता उपलब्ध कराने तथा विदेशी बाजारों में निर्यात सुविधा केंद्र स्थापित करने के माध्यम से भारत के कपड़ा निर्यात को बढ़ाना सरकार की प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा कि कपड़ा क्षेत्र की वित्तीय समस्याओं के समाधान और उद्योग को पर्याप्त ऋण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंत्रालय ने वित्तीय सेवा विभाग (DFS) तथा बैंकों के साथ विचार-विमर्श किया है, ताकि क्षेत्र में पर्याप्त ऋण प्रवाह सुनिश्चित किया जा सके।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि कृषि के बाद सबसे अधिक रोजगार उपलब्ध कराने वाले कपड़ा क्षेत्र में वर्तमान सरकार के कार्यकाल के दौरान लगभग 5 करोड़ लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने विशेष रूप से नए और टिकाऊ रेशों (Sustainable Fibres) के क्षेत्र में लघु उद्योग भारती की सक्रिय एवं महत्वपूर्ण भूमिका सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्नत तकनीक और भविष्य की रणनीति पर हुआ विचार-विमर्श
इस राष्ट्रीय कॉन्क्लेव में देशभर से 400 से अधिक सूक्ष्म एवं लघु उद्यमियों ने भाग लिया। सम्मेलन में कपड़ा क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रही आधुनिक एवं उन्नत तकनीकों, उद्योग के सामने मौजूद अवसरों तथा भविष्य की कार्ययोजना को लेकर विषय विशेषज्ञों के साथ विस्तृत चर्चा एवं विचार-विमर्श किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments