मूकनायक समाचार । सूरत
सूरत के वेसु वीआईपी रोड पर भीषण हादसा हुआ जिसमें दो बहनों को डम्पर ने कुचल दिया जिसमें एक की मौत जबकि एक को अस्पताल में भर्ती किया है। मॉपेड पर ट्यूशन क्लास जा रही दो बहनों को तेज रफ्तार से आ रहे डंपर ने जोरदार टक्कर मार दी। इस दर्दनाक हादसे में मॉपेड चला रही 22 वर्षीय युवती की मौत हो गई, जबकि उसकी छोटी बहन गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसे इलाज के लिए आईसीयु वार्ड में भर्ती कराया गया है। सूत्रों मिली जानकारी के अनुसार, 22 वर्षीय नेहा प्रसाद और उसकी छोटी बहन निकी प्रसाद रोज की तरह अपने मॉपेड पर सवार होकर वेसु वीआईपी रोड से ट्यूशन जाने निकली थीं। इस दौरान सड़क पर अचानक पीछे से आ रहे डंपर के चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया। डंपर ने मॉपेड को पीछे से जोरदार टक्कर मारी, जिससे दोनों बहनें मॉपेड सहित सड़क पर गिर गई। हादसे के बाद दोनों बहनें गंभीर रूप से घायल हालत में सड़क पर पड़ी थी। स्थानीय राहगीरों ने 108 एंबुलेंस के माध्यम से दोनों को नजदीकी अस्पताल में पहुंचाया। हालांकि, गंभीर चोटों और ज्यादा खून बह जाने के कारण 22 वर्षीय नेहा प्रसाद की अस्पताल पहुंचने से पहले ही दर्दनाक मौत हो गई, जिसे डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि गंभीर रूप से घायल छोटी बहन निकी प्रसाद को निजी अस्पताल के आईसीयु में भर्ती किया गया है, जहां उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों के इकट्ठा होने के डर से डंपर चालक वाहन को सड़क के बीच में छोड़कर भाग गया। घटना की जानकारी मिलते ही अलथाण पुलिस थाने का काफिला मौके पर पहुंचा और डंपर कब्जे में लेकर यातायात पूर्ववत कराया। अलथाण पुलिस ने भीषण हादसा कराकर भागे फरार डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

