Monday, October 19, 2026
Homeगुजरातएकता नगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के हाथों 'एकता प्रकाश पर्व 2026'...

एकता नगर में मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के हाथों ‘एकता प्रकाश पर्व 2026’ का शुभारंभ हुआ

मूकनायक समाचार । राजपीपला

सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता नगर में आयोजित ‘एकता प्रकाश पर्व 2026’ का गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के हाथों शुभारंभ किया गया। इस प्रकाश पर्व के अंतर्गत एकता नगर का 7.6 किलोमीटर का क्षेत्र थिम आधारित लाइटिंग से सजाया जाएगा। यह आयोजन 17 अक्टूबर, 2026 से 15 जनवरी, 2027 तक तीन महीनों तक चलेगा।
इस अवसर पर नांदोद के विधायक डॉ. दर्शनाबेन देशमुख, नर्मदा जिला भाजपा अध्यक्ष शबदशरण तड़वी, स्टैच्यू ऑफ यूनिटी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमित अरोड़ा सहित स्टैच्यू ऑफ यूनिटी और नर्मदा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
एकता प्रकाश पर्व का मुख्य उद्देश्य थिम आधारित लाइटिंग के माध्यम से एकता, भारतीय संस्कृति और देशभक्ति की भावना को उजागर करना है। एकता नगर के 7.6 किलोमीटर के क्षेत्र में विभिन्न थिम पर आधारित रोशनी पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगी। रात के समय पर्यटकों को यह लाइटिंग देखने का अनोखा अनुभव मिलेगा। इस आयोजन से एकता नगर में नाइट टूरिज्म को भी प्रोत्साहन मिलेगा और पर्यटकों के लिए रात के पर्यटन का नया विकल्प बनेगा।

एकता प्रकाश पर्व के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सरदार वल्लभभाई पटेल के एकता के मंत्र ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ को आगे बढ़ा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि तीन महीनों तक चलने वाले इस प्रकाश पर्व में देश के विभिन्न राज्यों को एक साथ जोड़ने का प्रयास किया गया है। आयोजन में हर राज्य की खानपान, रहन-सहन और संस्कृति का अनुभव पर्यटकों को मिलेगा। देश के किसी भी राज्य से आने वाले पर्यटकों को एकता नगर में अपने राज्य जैसा अनुभव हो, इस दिशा में आयोजन किया गया है।
31 अक्टूबर, 2026 को एकता नगर में होने वाली राष्ट्रीय एकता दिवस की तैयारी के तहत मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मुख्य परेड स्थल का दौरा किया। उन्होंने वहां चल रही तैयारियों और विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने आरोग्य वन में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की और आयोजन से संबंधित आवश्यक निर्देश दिए। एकता प्रकाश पर्व के उद्घाटन के बाद उन्होंने पर्यटकों से बातचीत भी की।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments