मूकनायक / पवन बंशीवाल / करौली / राजस्थान
करौली। माय भारत करौली की ओर से चलाए जा रहे सेवा पखवाड़ा कार्यक्रम के तहत सरस्वती बाल विद्या मंदिर कांचरोली के विद्यार्थियों ने जागरूकता रैली निकालकर ग्रामीणों को स्वच्छता, नशामुक्ति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
रैली में माय भारत यूथ के कार्यकर्ता जसवंत सिंह जाट, एबीवीपी जिला संयोजक तिलक भारद्वाज सहित विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी शामिल हुए। विद्यार्थियों ने रैली के दौरान विभिन्न संदेशों के माध्यम से लोगों को स्वच्छता बनाए रखने, नशे से दूर रहने और प्लास्टिक का कम से कम उपयोग करने के लिए जागरूक किया।
रैली के दौरान विद्यार्थियों ने ग्रामीणों को स्वच्छ एवं स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में समाजसेवी सत्यनारायण लहकोडिया भी मौजूद रहे। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण पर जोर दिया। उन्होंने अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों और शिक्षकों ने सेवा, स्वच्छता एवं पर्यावरण संरक्षण के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर बृजमोहन कोली, संगीता भारद्वाज, सूरजभान योगी, हरिओम भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

