मूकनायक / पवन बंशीवाल / राजस्थान
भरतपुर। शहर के मथुरा गेट थाना इलाके में एक निजी स्कूल के पीछे लक्ष्मी नगर में शादी के करीब 10 महीने बाद एक विवाहिता की मौत का मामला सामने आया है। पति-पत्नी के बीच विवाद के बाद विवाहिता की तबीयत बिगड़ने और मौत होने की बात सामने आई है। वहीं, पीहर पक्ष ने विवाहिता की हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस में मामला दर्ज कराया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार गोविंद नगर, मडरपुर रोड, भरतपुर निवासी राजेश कुमार यादव पुत्र फूल सिंह यादव ने परिवाद में बताया कि करीब 10 महीने पहले उनकी दो बेटियों की शादी संत कृपाल स्कूल के पीछे लक्ष्मी नगर निवासी परिवार में हुई थी। 29 सितंबर की रात करीब 11:53 बजे उनकी छोटी बेटी ने फोन कर बताया कि उनकी बहन सुकीर्ति पत्नी प्रशांत यादव के साथ घटना हो गई है।
सूचना मिलने के बाद राजेश कुमार अपनी बेटी के घर जाने के लिए रवाना हुए। रास्ते में उन्हें सुकीर्ति के ससुराल पक्ष के लोग उसे अस्पताल ले जाते हुए मिले। वह उनके साथ अरोड़ा अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सुकीर्ति को आरबीएम अस्पताल रेफर कर दिया। आरबीएम अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने विवाहिता की मौत को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं, पुलिस को मृतका की ओर से एक नोट भी मिला है। पुलिस नोट की सत्यता और उसमें लिखी गई बातों की जांच करा रही है।
मथुरा गेट थाना पुलिस ने पीहर पक्ष की ओर से दर्ज शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस विवाहिता की मौत के कारणों, पति-पत्नी के बीच हुए विवाद और नोट की वास्तविकता समेत सभी पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में पुलिस की जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।

