पानीपत से ‘बदलाव जरूरी है रैली’ में उमड़ेगा कार्यकर्ताओं का हुजूम, 7 हजार से अधिक पर्चे बांटकर चलाया जनसंपर्क अभियान
सरिता रानी/ मूकनायक
पानीपत
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीआई) की पानीपत जिला कार्यकारिणी ने 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘बदलाव जरूरी है रैली’ को सफल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है। रविवार को भगतसिंह स्मारक परिसर स्थित स्वतंत्रता सेनानी कामरेड टीका राम सखुन सभागार में आयोजित जिला कार्यकारिणी की बैठक में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि पानीपत जिले से सैकड़ों कार्यकर्ता और आम नागरिक दिल्ली पहुंचकर रैली में भाग लेंगे।
बैठक की अध्यक्षता कामरेड रामबीर ने की, जबकि मंच संचालन जिला सचिव पवन सैनी एडवोकेट ने किया। जिला सचिव ने पिछले दिनों चलाए गए जनसंपर्क अभियान की रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बताया कि 5 अगस्त से जिले के गांवों, कस्बों और कॉलोनियों में पार्टी कार्यकर्ताओं ने लगातार जनसंपर्क अभियान चलाया। नुक्कड़ सभाओं, जनसभाओं और बैठकों के माध्यम से लोगों तक पार्टी की नीतियां और जनमुद्दे पहुंचाए गए तथा 7 हजार से अधिक इश्तेहार एवं पर्चे वितरित किए गए।
जनमुद्दों को लेकर जनता के बीच पहुंची पार्टी
बैठक में कार्यकर्ताओं ने अपने-अपने क्षेत्रों में किए गए जनसंपर्क कार्यों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। नेताओं ने कहा कि अभियान के दौरान आम जनता में महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य और श्रमिक अधिकारों जैसे मुद्दों को लेकर गहरी चिंता दिखाई दी। कार्यकर्ताओं ने लोगों से दिल्ली पहुंचकर रैली को सफल बनाने की अपील की।
किसान-मजदूर और मेहनतकश जनता के मुद्दे उठाए
बैठक को संबोधित करते हुए कामरेड राम रत्न एडवोकेट ने कहा कि केंद्र और हरियाणा की भाजपा सरकार की नीतियों से किसान, मजदूर और मेहनतकश वर्ग परेशान है। उन्होंने कहा कि महंगाई, बेरोजगारी और भ्रष्टाचार से आम जनता को राहत दिलाना समय की बड़ी जरूरत है।
उन्होंने महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों पर अत्याचार रोकने, सभी को बेहतर शिक्षा एवं स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने, सरकारी विभागों में खाली पड़े पदों को भरने तथा पेपर लीक और परीक्षाओं में धांधली पर रोक लगाने की मांग उठाई।
राम रत्न एडवोकेट ने चारों लेबर कोड रद्द करने और श्रम कानूनों को प्रभावी ढंग से लागू करने की मांग करते हुए कहा कि मनरेगा को मजबूत किया जाए तथा मजदूरों को साल में 200 दिन काम और 700 रुपये प्रतिदिन मजदूरी उपलब्ध कराई जाए।
‘बदलाव जरूरी है’ का दिया नारा
राम रत्न ने कहा कि भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी जनसमस्याओं को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और जनता को अपने अधिकारों के लिए संगठित कर रही है। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता से अपील की कि 1 सितंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली ‘बदलाव जरूरी है रैली’ में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी आवाज बुलंद करें।
बैठक में ओम सिंह, जितेंद्र पाल सिंह, ओम प्रकाश, शीश राम, भूपेंद्र कुमार, सेवा सिंह मलिक, सुशील कुमार, रूपेश सैनी, रामबीर कश्यप सहित जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

