Sunday, November 29, 2026
Homeकरौलीपत्रकारों की समस्याओं पर हुई खुलकर चर्चा, एसडीओ एवं डीएसपी ने दिया...

पत्रकारों की समस्याओं पर हुई खुलकर चर्चा, एसडीओ एवं डीएसपी ने दिया समाधान का आश्वासन

आईएफडब्ल्यूजे करौली जिला शाखा का परिचय कार्ड वितरण एवं दीपोत्सव मिलन समारोह आयोजित

मूकनायक, अजीम खान चिनायटा जिला ब्यूरो चीफ करौली

हिंडौन सिटी। इंडियन फेडरेशन ऑफ वर्किंग जर्नलिस्ट्स (आईएफडब्ल्यूजे) जिला शाखा करौली का परिचय कार्ड वितरण समारोह एवं दीपोत्सव मिलन कार्यक्रम रविवार को बयाना रोड स्थित राजश्री होटल में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में पत्रकारों के संगठनात्मक एकजुटता, पत्रकारिता के दायित्व, पत्रकारों की सुरक्षा एवं विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में उपजिला कलेक्टर महेश चन्द मान मुख्य अतिथि तथा पुलिस उपाधीक्षक गौरव सारस्वत विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईएफडब्ल्यूजे करौली जिलाध्यक्ष एवं स्वतंत्र पत्रकार दीनदयाल सारस्वत ने की। कार्यक्रम में संगठन के पूर्व संभाग प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा एवं वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चंद शर्मा विशेष रूप से मौजूद रहे। संचालन पत्रकार राजेन्द्र जांगिड ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत आपसी परिचय एवं संगठनात्मक चर्चा के साथ हुई। प्रारंभ में अतिथि एसडीओ और डीएसपी का साफा और दुपटटा पहनाकर एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर जिलाध्यक्ष दीनदयाल सारस्वत, उपखंड अध्यक्ष अशोक शौकी, देवी सहाय शर्मा, महेन्द्र शर्मा, विनोद शर्मा, जयप्रकाश शुक्ला, विजय पांडेय, वृजमोहन उदेइया, विनोद शर्मा, मुकेश सारस्वत, अभिषेक भारद्वाज, पुष्पेन्द्र सोलंकी, अंशुल गुप्ता, मदन मोहन भास्कर, टीकाराम शर्मा, टीकम गुप्ता, चरण सिंह डागुर, राजेश तिवाडी, अंशु पांडेय, कलमुददीन, अजीम खान, हनीस शेख आदि ने स्वागत सम्मान किया। इस दौरान आईएफडब्ल्यूजे की सदस्यता ग्रहण करने वाले सदस्य पत्रकारों को परिचय कार्ड वितरित किए गए। परिचय कार्ड वितरण को संगठनात्मक पहचान, पत्रकारों की एकजुटता एवं संगठन को मजबूत बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया गया।
कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों ने दीपोत्सव की एक दूसरे को शुभकामनाएं देते हुए संगठन की मजबूती, पत्रकार हितों की रक्षा, पत्रकारिता के दौरान आने वाली चुनौतियों तथा प्रशासनिक स्तर पर पत्रकारों को होने वाली समस्याओं पर खुलकर विचार विमर्श किया। पत्रकारों ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार समाज की समस्याओं को शासन प्रशासन तक पहुंचाने के साथ आमजन की आवाज बनकर कार्य करते हैं। ऐसे में पत्रकारों को अपने दायित्वों के निर्वहन के दौरान सुरक्षा, सम्मान एवं सहयोग मिलना आवश्यक है।
मुख्य अतिथि एसडीओ महेश चन्द मान ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि पत्रकारिता समाज एवं प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है। पत्रकारों द्वारा उठाए जाने वाले जनहित के मुद्दे प्रशासन के लिए भी महत्वपूर्ण होते हैं। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक सहयोग एवं सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
विशिष्ट अतिथि डीएसपी गौरव सारस्वत ने भी पत्रकारों के साथ संवाद किया। उन्होंने पत्रकारों की समस्याओं एवं उनके कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों पर चर्चा करते हुए उचित समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पत्रकारों एवं पुलिस प्रशासन के बीच बेहतर समन्वय और संवाद से कई समस्याओं का समाधान संभव है।
अध्यक्षीय उद्बोधन में जिलाध्यक्ष दीनदयाल सारस्वत ने संगठन की गतिविधियों, पत्रकारों के हितों एवं संगठन को जिला स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि आईएफडब्ल्यूजे पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान, सुरक्षा एवं समस्याओं को लेकर निरंतर आवाज उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को एक मंच पर संगठित कर उनके हितों की रक्षा करना तथा पत्रकारिता से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से संबंधित अधिकारियों एवं सरकार तक पहुंचाना है। पूर्व संभाग प्रभारी प्रकाश चंद शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार सुरेश चंद शर्मा, देवी सहाय शर्मा, विनोद शर्मा ने भी पत्रकारिता के अनुभव साझा करते हुए संगठनात्मक एकता, निष्पक्ष पत्रकारिता एवं पत्रकार हितों के लिए सामूहिक प्रयासों पर जोर दिया। इस मौके पर प्रकाश चंद शर्मा ने जनवरी माह में संगठन का नववर्ष मिलन समारोह एवं जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित करने के प्रस्ताव की घोषणा की।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित पत्रकारों एवं अतिथियों का उपखंड अध्यक्ष अशोक शौकी ने आभार व्यक्त किया। समारोह सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में पत्रकारों के बीच आपसी सहयोग, संगठनात्मक मजबूती एवं पत्रकार हितों के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया गया।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments