करनाल, 29 नवंबर। जिला पुलिस करनाल ने आमजन की सुरक्षा और अपराधों की रोकथाम के लिए लोगों से किरायेदारों, घरेलू नौकरों, ड्राइवरों, चौकीदारों तथा अन्य कर्मचारियों को रखने से पहले उनका पुलिस सत्यापन करवाने की अपील की है। पुलिस अधीक्षक करनाल करन गोयल, आईपीएस ने जिले के सभी मकान मालिकों, दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों से कहा है कि वे अपने यहां काम करने वाले प्रत्येक व्यक्ति की पहचान और पते से संबंधित पूरी जानकारी अपने पास रखें।एसपी करन गोयल ने कहा कि कई बार आपराधिक प्रवृत्ति के लोग अपनी पहचान छिपाकर किरायेदार या कर्मचारी के रूप में रहने लगते हैं और मौका मिलने पर चोरी, धोखाधड़ी सहित अन्य आपराधिक वारदातों को अंजाम दे सकते हैं। ऐसे में मकान मालिकों और प्रतिष्ठान संचालकों की लापरवाही अपराधियों को छिपने का अवसर दे सकती है। इसलिए किसी भी व्यक्ति को मकान किराये पर देने या काम पर रखने से पहले उसकी पूरी जानकारी लेना जरूरी है।उन्होंने कहा कि मकान मालिक संबंधित व्यक्ति का आधार कार्ड या अन्य वैध पहचान पत्र, स्थायी पता, मोबाइल नंबर और फोटो सहित आवश्यक दस्तावेज प्राप्त करें। इसके साथ ही किरायेदारों और घरेलू नौकरों का पुलिस सत्यापन करवाकर दस्तावेजों का रिकॉर्ड सुरक्षित रखें। दुकानदारों और प्रतिष्ठान संचालकों को भी अपने यहां कार्यरत प्रत्येक कर्मचारी की पहचान संबंधी जानकारी रखनी चाहिए।एसपी ने कहा कि यदि किसी किरायेदार, नौकर या कर्मचारी की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई देती हैं अथवा वह बार-बार अपनी पहचान या पता बदलता है, तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि को नजरअंदाज न करें।उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस सत्यापन महज औपचारिकता नहीं, बल्कि अपराधों की रोकथाम और परिवार एवं समाज की सुरक्षा का महत्वपूर्ण माध्यम है। आमजन की सतर्कता और पुलिस के साथ सहयोग से आपराधिक तत्वों की पहचान करने तथा संभावित वारदातों को रोकने में मदद मिल सकती है।एसपी करन गोयल ने जिलेवासियों से अपील की कि अपने मकान, दुकान या प्रतिष्ठान में किसी भी अनजान व्यक्ति को बिना पहचान संबंधी जानकारी और पुलिस सत्यापन के जगह न दें। थोड़ी सी सावधानी आपके परिवार के साथ-साथ आसपास के क्षेत्र और पूरे समाज की सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

