मूकनायक रमेश पोडिया/ करनाल/ हरियाणा।
करनाल, 26 नवंबर। सर्दी और धुंध के मौसम में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए करनाल पुलिस ने सतर्कता बढ़ा दी है। इसी कड़ी में पुलिस अधीक्षक करन गोयल, आईपीएस ने देर शाम थाना हाईवे का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने हाईवे पर यातायात व्यवस्था, सड़क सुरक्षा प्रबंधों और पुलिस की कार्यप्रणाली का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
एसपी ने अधिकारियों को हाईवे पर बने अवैध कटों को चिह्नित कर संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करते हुए बंद करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अवैध कट बनाने और यातायात व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए। इसके अलावा हाईवे पर अनाधिकृत पार्किंग, गलत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
धुंध में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश
पुलिस अधीक्षक करन गोयल ने कहा कि सर्दी के मौसम में धुंध के कारण दृश्यता कम हो जाती है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ जाती है। ऐसे में रात्रि और सुबह के समय हाईवे पर विशेष सतर्कता बरतना जरूरी है। उन्होंने वाहन चालकों को धीमी गति से वाहन चलाने, सुरक्षित दूरी बनाए रखने, फॉग लाइट व इंडिकेटर का उचित प्रयोग करने तथा लेन ड्राइविंग के नियमों का पालन करने के प्रति जागरूक करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि सड़क पर खराब वाहनों और अन्य बाधाओं के कारण हादसे न हों, इसके लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर आवश्यक चेतावनी संकेतक और रिफ्लेक्टर लगाए जाएं। दुर्घटना संभावित स्थानों को चिह्नित कर वहां विशेष निगरानी रखी जाए।
रात्रि गश्त और सीसीटीवी निगरानी बढ़ेगी
एसपी ने हाईवे पर रात्रि गश्त और नाकाबंदी को प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पुलिस की मौजूदगी लगातार बनी रहनी चाहिए। प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से भी निगरानी रखी जाए। सड़क दुर्घटना या किसी आपात स्थिति की सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंचे और आवश्यक सहायता उपलब्ध करवाए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर और कार्यालय का भी जायजा लिया। उन्होंने साफ-सफाई, सरकारी रिकॉर्ड के उचित रखरखाव और पुलिस कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।
एसपी करन गोयल ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। यातायात नियमों का पालन और सावधानीपूर्वक वाहन चलाकर अनमोल जीवन को सुरक्षित रखा जा सकता है। करनाल पुलिस सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और आमजन की सुरक्षा के लिए पूरी मुस्तैदी से कार्य कर रही है।
इस अवसर पर डीएसपी मुख्यालय संदीप सिंह, थाना हाईवे प्रभारी निरीक्षक रोशन लाल, सिटी ट्रैफिक इंचार्ज निरीक्षक सुखदेव सिंह, चालानिंग ब्रांच इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक सुमिता सिंह, सीसीटीवी इंचार्ज सहायक उप निरीक्षक अशोक कुमार सहित संबंधित पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

