Saturday, November 28, 2026
Homeउत्तर प्रदेशपूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में राष्ट्रीय मतदाता सूची में जागरूकता, मतदान...

पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में राष्ट्रीय मतदाता सूची में जागरूकता, मतदान सूची में

नाम छूटा तो मतदान से वंचित रहेंगे, नई बाजार शिविर में डीएम-एसपी ने परखी तैयारियां

मूकनायक/रतन लाल ब्यूरो चीफ चन्दौली/उत्तर प्रदेश

चंदौली। पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता; मतदाता सूची में नाम छूटा तो मतदान से रह जाएंगे वंचित, डीएम-एसपी ने शिविर में परखी व्यवस्था

मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक अधिकारों के इस्तेमाल की पहली शर्त है। चुनाव के दिन मतदान केंद्र पर पहुंचकर नाम तलाशने के बजाय समय रहते सूची की जांच करना हर पात्र नागरिक की जिम्मेदारी है। डीएम-एसपी का निरीक्षण केवल प्रशासनिक व्यवस्था की पड़ताल नहीं, बल्कि यह सुनिश्चित करने की पहल है कि जागरूकता की कमी या सरकारी प्रक्रिया की चूक से किसी भी नागरिक का मताधिकार न छिने।

*सकलडीहा, चंदौली* | मतदान के दिन बूथ पर पहुंचने के बाद मतदाता सूची में नाम नहीं मिला तो लोकतंत्र के सबसे बड़े अधिकार से वंचित होना पड़ सकता है। इसी संभावित चूक को रोकने के लिए शनिवार को सकलडीहा ब्लॉक अंतर्गत पूर्व माध्यमिक विद्यालय नई बाजार में राष्ट्रीय मतदाता जागरूकता अभियान के तहत विशेष शिविर आयोजित किया गया। जिलाधिकारी शैलेष कुमार और पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने शिविर का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की हकीकत परखी और पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने हेल्प डेस्क पर उपलब्ध प्रारूप मतदाता सूची का अवलोकन किया। उन्होंने बीएलओ से अब तक जोड़े गए नए नामों, संशोधन के लिए प्राप्त आवेदनों और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। विभिन्न रजिस्टरों की जांच करते हुए उन्होंने अभियान में तेजी, पारदर्शिता और पात्र मतदाताओं की शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

विज्ञापन
डीएम ने कहा कि विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 का मुख्य उद्देश्य मतदाता सूची को शुद्ध, त्रुटिरहित और समावेशी बनाना है। एक जनवरी 2027 को अर्हता तिथि मानते हुए 17 नवंबर से 16 दिसंबर तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जा रही हैं। 28 और 29 नवंबर को विशेष अभियान चलाकर ऐसे पात्र नागरिकों को मतदाता सूची से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है, जिनका नाम अभी तक दर्ज नहीं हो सका है।

उन्होंने विशेष रूप से 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं को चिह्नित कर उनका पंजीकरण कराने तथा महिलाओं के नाम मतदाता सूची में शामिल करने के निर्देश दिए। कहा कि कोई भी पात्र नागरिक जानकारी या जागरूकता के अभाव में मतदाता बनने से वंचित नहीं रहना चाहिए।

पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल ने विद्यालय के मुख्य द्वार, परिसर और आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने थाना प्रभारी को निर्देश दिया कि अभियान के दौरान बूथों पर शांति व्यवस्था बनाए रखें। किसी भी प्रकार के राजनीतिक दबाव, हस्तक्षेप अथवा अव्यवस्था की शिकायत नहीं मिलनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि मतदाता बनना उनका अधिकार है और इसका इस्तेमाल पूरी जागरूकता के साथ करें।

निरीक्षण के बाद डीएम और एसपी ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि अक्सर लोग मतदान के दिन बूथ पर पहुंचकर मतदाता सूची में अपना नाम तलाशते हैं, लेकिन तब तक सुधार का अवसर निकल चुका होता है। इसलिए अभी अपने नाम की जांच करें और नाम नहीं होने पर तत्काल आवेदन करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने या संशोधन कराने के लिए किसी को पैसे देने की जरूरत नहीं है। बीएलओ इसके लिए सीधे सहायता उपलब्ध करा रहे हैं। किसी दलाल के चक्कर में पड़ने की आवश्यकता नहीं है।

शिविर में पहुंचे कई युवाओं ने मौके पर ही फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में नाम शामिल कराने के लिए आवेदन किया। वहीं कुछ महिलाओं ने पते में बदलाव के लिए फॉर्म-8 जमा किया। अधिकारियों ने सभी आवेदनों का समयबद्ध निस्तारण कराने का भरोसा दिया।

इस अवसर पर एसडीएम सकलडीहा, खंड विकास अधिकारी, नायब तहसीलदार, बीएलओ, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकर्ता, ग्राम प्रधान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

मतदाता इन बातों का रखें ध्यान
फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए।
फॉर्म-7: मृतक या अपात्र मतदाता का नाम हटवाने के लिए।
फॉर्म-8: नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन के लिए।
किसी भी प्रकार की सहायता के लिए जिला संपर्क केंद्र के नंबर 05412-1950 पर संपर्क किया जा सकता है।

Durgendra Samrat
Durgendra Samrathttp://www.mooknayaknews.com
Durgendra Samrat मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं वर्तमान में वे Mooknayak News में State Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। राजनीति, चुनाव, व्यवसाय, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जमीनी सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ और मजबूत पकड़ है निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते है।
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments