Saturday, November 28, 2026
HomeUncategorizedस्मार्ट क्लास से ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान

स्मार्ट क्लास से ग्रामीण विद्यालयों में शिक्षा को मिलेगी नई उड़ान

बंसुला और सेमरिया के शासकीय पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में डिजिटल शिक्षा की शुरुआत

ग्रामीण अंचल के विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने तथा शासकीय विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला बंसुला एवं शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला सेमरिया में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ किया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी बसंत चतुर्वेदी ने स्मार्ट क्लास का शुभारंभ करते हुए कहा कि वर्तमान समय डिजिटल शिक्षा का है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थी चित्रों, वीडियो, ऑडियो एवं डिजिटल शिक्षण सामग्री के जरिए कठिन विषयों को भी सरलता से समझ सकेंगे। इससे बच्चों में सीखने की रुचि, जिज्ञासा एवं रचनात्मक क्षमता का विकास होगा।

इस अवसर पर बीआरसी एच.के. बेहार, संकुल प्राचार्य एवं सीआरसी रमेश मेहरा, बीपीओ उल्लास नवभारत साक्षरता डॉ. उमेश दुबे तथा शैक्षिक समन्वयक विश्वनाथ कश्यप उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने स्मार्ट क्लास की पहल को शासकीय विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने की दिशा में सराहनीय कदम बताया।

बीआरसी एच.के. बेहार ने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में तकनीक का उपयोग वर्तमान समय की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास के माध्यम से विद्यार्थियों को आधुनिक, रोचक एवं सरल तरीके से शिक्षा प्रदान की जा सकती है।

डॉ. उमेश दुबे ने कहा कि डिजिटल शिक्षा आज की आवश्यकता है। स्मार्ट क्लास केवल आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था नहीं, बल्कि बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की आधारशिला है। इससे ग्रामीण अंचल के विद्यार्थी भी आधुनिक एवं तकनीक आधारित शिक्षा का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। उन्होंने शिक्षकों से स्मार्ट क्लास का नियमित एवं प्रभावी उपयोग कर शिक्षण प्रक्रिया को अधिक रोचक, सरल और परिणाममूलक बनाने का आह्वान किया।

सीआरसी रमेश मेहरा ने कहा कि बंसुला एवं सेमरिया विद्यालयों में स्मार्ट क्लास का शुभारंभ आधुनिक शिक्षा की ओर एक सार्थक कदम है। यह विद्यार्थियों के सपनों को तकनीक के पंख देकर उनके भविष्य को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगा।

स्मार्ट क्लास के शुभारंभ से विद्यालय परिवार, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में उत्साह का वातावरण रहा। यह पहल ग्रामीण शिक्षा को नई दिशा देने तथा डिजिटल एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments