


तीन दिवसीय आयोजन में महादेव की भव्य बारात, मादरी, झांझ और कर्मा नृत्य ने बांधा समां, समाज प्रमुखों एवं जनप्रतिनिधियों की रही गरिमामयी उपस्थिति

बिलासपुर, 27 नवंबर। देवरीखुर्द और तोरवा क्षेत्र में लोक आस्था, सामाजिक एकता और आदिवासी संस्कृति का भव्य संगम देखने को मिला। पुराना पावर हाउस, देवरीखुर्द, तोरवा वार्ड क्रमांक 42 में 23 से 25 नवंबर तक आयोजित तीन दिवसीय ईसर-गौरा महापर्व श्रद्धा, उत्साह और पारंपरिक उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस महापर्व में प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, राजनीतिक प्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की। आयोजन के दौरान पूरा देवरीखुर्द और तोरवा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा।

महापर्व के दूसरे दिन 24 नवंबर की रात्रि भगवान महादेव की भव्य बारात एवं विवाह समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बस्तर और रायगढ़ क्षेत्र से पहुंचे प्रसिद्ध आदिवासी नृत्य दलों ने अपनी पारंपरिक प्रस्तुतियों से आयोजन को विशेष आकर्षण प्रदान किया। मादरी, झांझ और कर्मा नृत्य दलों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकधुनों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से आदिवासी समाज की समृद्ध लोककला एवं परंपराओं की अनुपम झलक देखने को मिली।
25 नवंबर को दोपहर 12 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो देवरीखुर्द से प्रारंभ होकर तोरवा घाट तक पहुंची। यहां विसर्जन के साथ तीन दिवसीय महापर्व का समापन हुआ। शोभायात्रा में श्रद्धालुओं की सहभागिता और पारंपरिक उत्साह ने आयोजन की भव्यता को और बढ़ाया।

इस अवसर पर सर्व आदिवासी समाज छत्तीसगढ़ के प्रांतीय अध्यक्ष, युवा प्रभाग सुभाष सिंह परते ने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को अपनी सांस्कृतिक जड़ों और परंपराओं से जुड़े रहना चाहिए। भारत की खूबसूरती उसकी संस्कृति, संस्कार और परंपराओं में निहित है और हमें इस विरासत पर गर्व करना चाहिए। ऐसे आयोजनों के माध्यम से अपनी रीति-रिवाजों और सांस्कृतिक धरोहर को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना आवश्यक है, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी पहचान और संस्कृति को कभी न भूलें।
उन्होंने कहा कि ईसर-गौरा केवल एक पर्व नहीं, बल्कि समाज की आस्था, एकता और पूर्वजों से प्राप्त सांस्कृतिक धरोहर का प्रतीक है। जब समाज एकजुट होकर अपनी परंपराओं का संरक्षण करता है, तभी संस्कृति जीवित रहती है।

कार्यक्रम में पहुंचे सभी अतिथियों का आयोजन समिति एवं परते परिवार की ओर से पुष्पमाला और गमछा भेंटकर सम्मान किया गया। महापर्व के सफल आयोजन में समाज के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों का विशेष सहयोग रहा। सामूहिक सहभागिता और सामाजिक एकजुटता ने इस आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
समापन अवसर पर आयोजक सुभाष सिंह परते एवं परिवार ने समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों, पत्रकारों तथा बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सहभागिता से ही यह महापर्व इतने भव्य रूप में संपन्न हो सका।
ईसर-गौरा महापर्व ने आदिवासी समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, पारंपरिक मान्यताओं और सामाजिक एकता को सहेजने का संदेश दिया। ऐसे आयोजन न केवल पूर्वजों की परंपराओं को जीवंत रखते हैं, बल्कि नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक पहचान से जोड़ने का भी सशक्त माध्यम बनते हैं।

