फतेहाबाद में संविधान बचाओ समाज बचाओ आंदोलन का 18वाँ प्रबुद्ध सम्मेलन सम्पन्न, सामाजिक एकजुटता और राजनीतिक भागीदारी का लिया संकल्प
मूकनायक/ रमेश पोडिया फतेहाबाद/ हरियाणा
फतेहाबाद। संविधान बचाओ समाज बचाओ आंदोलन हरियाणा का 18वाँ प्रबुद्ध सम्मेलन 22 नवंबर 2026 को फतेहाबाद में उत्साह, जोश और सामाजिक एकजुटता के साथ सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सर्वसमाज के बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और संविधान समर्थकों ने भाग लिया। सम्मेलन में संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय, समानता और राजनीतिक भागीदारी को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं आंदोलन के संयोजक डॉ. अनिल रंगा ने अपने संबोधन में कहा कि 2029 में हरियाणा की सत्ता में हिस्सेदारी करना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि समाज को छोटे-छोटे विवादों में उलझने के बजाय बड़े लक्ष्य निर्धारित करके आगे बढ़ना होगा। इसके लिए सभी साथियों को एकजुट होकर मेहनत करनी होगी।
डॉ. रंगा ने महात्मा ज्योतिबा फुले, परम पूज्य बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर और मान्यवर साहब कांशीराम के साथ-साथ चौधरी चाँद राम, चौधरी जगन्नाथ और कृपाराम पुनिया जैसे नेताओं के राजनीतिक योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि इन महापुरुषों और समाज के प्रभावशाली नेताओं के संघर्ष तथा राजनीतिक जीवन से प्रेरणा लेकर सामाजिक परिवर्तन के लिए कार्य करना चाहिए।
कार्यक्रम की शुरुआत डॉ. मुकेश निम्भल ने की। उन्होंने अब तक आयोजित 17 सम्मेलनों की रूपरेखा, आंदोलन की गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तार से प्रकाश डाला।
सम्मेलन में डॉ. रेखा रानी ने महिला सशक्तिकरण एवं महिलाओं के अधिकारों पर विचार रखे। करण सिंह धनकड़ ने सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए अपनी बात रखी। अशोक कलसन ने कहा कि समाज को अपना राज स्वयं स्थापित करना होगा, जबकि विनोद प्रजापति ने कहा कि सर्वसमाज के बच्चों में हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की क्षमता और प्रतिभा मौजूद है। मीना भौरिया ने बाबा साहेब के सम्मान में गीत प्रस्तुत कर कार्यक्रम में विशेष उत्साह भर दिया।
आंदोलन के अध्यक्ष सतीश वाल्मीकि ने एकजुटता का संदेश देते हुए कहा कि आपसी मतभेद भुलाकर आंदोलन को सफल बनाना होगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में डॉ. अनिल रंगा से बहुत कुछ सीखा है। नम्बरदार मालखान सिंह ने कहा कि जो किसी को राज नहीं देता, उससे अपना हक अपने बल पर हासिल करना चाहिए। मुकेश राठी ने प्रेरणादायक कहानी के माध्यम से उपस्थित साथियों में नया जोश और सकारात्मक ऊर्जा भरी।
संविधान और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा का आह्वान
सम्मेलन में विशिष्ट सानिध्य में उपस्थित पूर्व आईपीएस अधिकारी एवं पूर्व डीजीपी पृथ्वीराज ने अपने विचार रखते हुए डॉ. अनिल रंगा द्वारा शुरू किए गए इस साहसिक प्रयास की सराहना की। उन्होंने कहा कि इतिहास में ऐसे आंदोलनों का नेतृत्व करने वाले लोग महापुरुषों के रूप में याद किए जाते हैं।
उन्होंने बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर द्वारा दिए गए मतदान के अधिकार का उल्लेख करते हुए चिंता व्यक्त की कि आज सत्ता में बैठी ताकतें उन्हीं लोकतांत्रिक अधिकारों को कमजोर करने का प्रयास कर रही हैं। उन्होंने सभी से संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए जागरूक एवं एकजुट रहने का आह्वान किया।
सम्मेलन के अंत में अतिथियों, वक्ताओं, आयोजकों और दूर-दराज से पहुंचे साथियों का आभार व्यक्त किया गया। फतेहाबाद में आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से सामाजिक एकजुटता, संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और राजनीतिक भागीदारी का संकल्प दोहराया गया।

