मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
स्कूल प्रबंधक के 16 वर्षीय बेटे को बहला-फुसलाकर साथ ले जाने का आरोप, पिता की तहरीर पर पॉक्सो और अपहरण की धाराओं में केस दर्ज; आरोपी शिक्षिका की तलाश में जुटी पुलिस।
बस्ती। जनपद के कप्तानगंज थाना क्षेत्र में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां एक निजी विद्यालय में पढ़ाने वाली 26 वर्षीय शिक्षिका पर कक्षा 11 में पढ़ने वाले 16 वर्षीय नाबालिग छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने का आरोप लगा है। मामले में छात्र के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी शिक्षिका के खिलाफ पॉक्सो एक्ट और अपहरण से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, संबंधित छात्र के पिता विद्यालय के प्रबंधक हैं और उनका बेटा उसी विद्यालय में कक्षा 11 का छात्र है। आरोप है कि विद्यालय में पिछले करीब एक वर्ष से अध्यापन कार्य कर रही शिक्षिका रूपाली छात्र को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गई।
घटना की जानकारी होने पर छात्र के पिता ने कप्तानगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। उनकी तहरीर के आधार पर पुलिस ने 21 नवंबर की रात करीब 10:30 बजे आरोपी शिक्षिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नाबालिग छात्र को सकुशल बरामद कर लिया है। वहीं, आरोपी शिक्षिका की तलाश जारी है।
थानाध्यक्ष कप्तानगंज ने बताया कि छात्र को सकुशल बरामद कर लिया गया है। फिलहाल छात्र से पूछताछ और उसका बयान दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है तथा आरोपी शिक्षिका की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।
फिलहाल मामले में लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पुलिस की जांच और छात्र के बयान के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

