Tuesday, October 20, 2026
Homeभरतपुरकर्मचारियों के बकाया भुगतान नहीं हुए तो भूख हड़ताल करेंगे, धनतेरस पर...

कर्मचारियों के बकाया भुगतान नहीं हुए तो भूख हड़ताल करेंगे, धनतेरस पर वित्त मंत्री के आवास पर मनाएंगे काली दीपावली

पंचायत चुनाव में मतदान कर्मी भोजन-नाश्ते का बहिष्कार करेंगे; सेवानिवृत्ति परिलाभ 8 महीने तक अटकने और ब्याज नहीं मिलने से नाराज

मूकनायक न्यूज/ यशपाल सोलंकी/ भरतपुर/ राजस्थान

कर्मचारियों के बकाया भुगतान में देरी के विरोध में अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ ने आंदोलन की चेतावनी दी है। महासंघ ने बुधवार को मुख्यमंत्री के नाम अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजीव शर्मा को ज्ञापन सौंपकर कर्मचारियों के लंबित भुगतान जल्द जारी करने की मांग की। महासंघ ने चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो कर्मचारी भूख हड़ताल सहित आंदोलन तेज करेंगे।

महासंघ के जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा ने कहा कि प्रदेश में कर्मचारियों के साथ आर्थिक अन्याय हो रहा है। सेवानिवृत्त कर्मचारियों को पेंशन कम्यूटेशन, ग्रेच्युटी, जीपीएफ, राज्य बीमा, समर्पित अवकाश और अन्य सेवानिवृत्ति परिलाभ का भुगतान 8-8 महीने तक नहीं मिल रहा है। भुगतान में देरी होने के बावजूद कर्मचारियों को ब्याज भी नहीं दिया जा रहा। अप्रैल 2026 में कर्मचारियों के समर्पित अवकाश स्वीकृत होने के बाद भी भुगतान नहीं हुआ है। इससे प्रत्येक कर्मचारी को करीब 2 हजार रुपए का नुकसान हो रहा है। स्वास्थ्य स्कीम में कटौती से भी कर्मचारी परेशान हैं।

वनकर्मियों की सुरक्षा के लिए अत्याधुनिक हथियार देने की मांग

महासंघ ने खनन माफियाओं द्वारा वनकर्मियों पर किए जा रहे प्राणघातक हमलों को रोकने के लिए अत्याधुनिक हथियार, सुरक्षा उपकरण और जरूरी संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। साथ ही शहीद वनकर्मियों के परिजनों को तत्काल 3 करोड़ रुपए की विशेष आर्थिक सहायता और आश्रितों को जल्द अनुकंपा नियुक्ति देने की मांग उठाई।

महासंघ के जिला महामंत्री बृजमोहन शर्मा ने कहा कि बकाया भुगतान में देरी से सेवानिवृत्त और कार्यरत कर्मचारियों में आक्रोश है। इसका खामियाजा राज्य सरकार को भुगतना पड़ेगा।

मतदान कर्मी भोजन-नाश्ते का करेंगे बहिष्कार

महासंघ के मीडिया प्रभारी प्रेम मंगल ने बताया कि पंचायत चुनाव के लिए चल रहे प्रशिक्षण के दौरान मतदान कर्मी भोजन और नाश्ते का बहिष्कार करेंगे। मतदान दलों के पांच दिन बूथों पर रहने के दौरान जिला परिषद-पंचायत समिति और सरपंच चुनाव के दोनों मतदान दिवसों पर पूरा दल उपवास रखकर बिना भोजन किए मतदान प्रक्रिया संपन्न कराएगा।

6 नवंबर को वित्त मंत्री के आवास पर काली दीपावली

महासंघ पदाधिकारियों ने घोषणा की कि 6 नवंबर को धनतेरस के दिन वित्त मंत्री दिया कुमारी के आवास पर काली दीपावली मनाई जाएगी। महासंघ ने स्पष्ट किया कि यह राजनीतिक गतिविधि नहीं, बल्कि कर्मचारियों के हक की लड़ाई है। बकाया भुगतान जल्द नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

ज्ञापन देने के दौरान आयुर्वेद विभाग से बलराम शर्मा, वन अधीनस्थ कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष रविंद्र सिंह, कृषि लैब के सहायक वैज्ञानिक मुकेश कुमार बॉबी, ग्राम विकास अधिकारी भूदेव सिंह व जितेंद्र कुमार शर्मा, कानूनगो संघ के जिलाध्यक्ष मुकेश गुप्ता, गिरदावर भरत सिंह, अरविंद गुप्ता, कुसुम शर्मा, सुखबीर सिंह, पटवारी वंदना शर्मा, अलका गुप्ता, योगेश पहलवान, राजेश बत्रा, नीतू पचौरी, सहायक कर्मचारी संघ के जिला मंत्री महेश चंद और पशुधन निरीक्षक नरेश कुमार सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments