मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिण्डौन सिटी। राजस्थान सरकार के स्वायत्त शासन विभाग की ओर से प्रदेशभर में सेवा सेतु अभियान 2026 आयोजित किया जा रहा है। इसके तहत हिण्डौन सिटी नगर परिषद क्षेत्र में 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर 2026 तक अभियान चलाया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का समाधान करना और विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना है।
अभियान के दौरान नगर परिषद आयुक्त दिलीप शर्मा ने बताया शहर में साफ-सफाई, स्ट्रीट लाइट की मरम्मत एवं नई लाइट लगाने, खराब सड़कों की मरम्मत, नालियों की सफाई, सार्वजनिक पार्कों एवं शौचालयों की साफ-सफाई तथा कार्यालयों में पेंडिंग पट्टों के निस्तारण जैसे कार्य किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न प्रकार के लंबित प्रकरणों का समाधान करने पर भी जोर दिया जाएगा।
इसी बीच सभापति विजय कुमारी चतुर्वेदी ने अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री आवास योजना, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, मुख्यमंत्री स्वनिधि योजना, जन्म-मृत्यु एवं विवाह पंजीकरण, ट्रेड लाइसेंस, फायर एनओसी, स्ट्रीट वेंडर रजिस्ट्रेशन, भवन निर्माण स्वीकृति, नामांतरण, पट्टा संबंधी प्रकरण तथा अन्य नगरीय सेवाओं से जुड़े आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। इसके अलावा एसबीएस 2.0 के अंतर्गत घरेलू शौचालय निर्माण सहित पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने के लिए आवेदन प्रक्रिया भी संचालित की जाएगी।
नगर परिषद हिण्डौन सिटी के इस अभियान से शहरवासियों को स्थानीय समस्याओं के समाधान और विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा मिलने की उम्मीद है। इस मौके पर शहर के विभिन्न लोग अपनी समस्याओं को लेकर पहुंचे. मौके पर वार्ड के पार्षद सभी मौजूद रहे.

