Thursday, June 11, 2026
Homeराजस्थानAI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस): अवसरों की क्रांति या जोखिमों की चुनौती..?

AI (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस): अवसरों की क्रांति या जोखिमों की चुनौती..?

आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) या कृत्रिम बुद्धिमत्ता का मतलब है “मशीनों का इंसानों की तरह सोचना और समझना और काम करना।” यह कंप्यूटर साइंस या सूचना तकनीक की एक ऐसी आधुनिक शाखा है, जिसके तहत कंप्यूटर सिस्टम या रोबोट्स को इस तरह प्रोग्राम किया जाता है कि वे इंसानी दिमाग की तरह खुद फैसले ले सकें, समस्याओं को सुलझा सकें और गलतियों से सीखकर खुद में सुधार कर सकें।जहाँ एक साधारण कंप्यूटर सॉफ्टवेयर सिर्फ उतने ही काम करता है जितने का उसे कमांड दिया जाता है, वहीं AI सॉफ्टवेयर उपलब्ध डेटा को खुद एनालिसिस करता है। उदाहरण के लिए, जब हम यूट्यूब या नेटफ्लिक्स पर कोई वीडियो देखते हैं, तो AI यह समझ जाता है कि आपकी पसंद क्या है और अगली बार वह आपको वैसी ही चीजें दिखाना शुरू कर देता है।आज AI सिर्फ साइंस-फिक्शन फिल्मों का हिस्सा नहीं रह गया है, बल्कि यह हमारे बेडरूम से लेकर कॉर्पोरेट ऑफिसों तक पहुँच चुका है। ChatGPT, Google Gemini और Copilot जैसे एआई’ Generative AI टूल्स ने इंसानों की तरह कंटेंट लिखना, कोडिंग करना और तस्वीरें बनाना शुरू कर दिया है। यही वजह है कि आज दुनिया भर के तकनीक विशेषज्ञ इसे ‘इंटरनेट के आविष्कार’ के बाद मानव इतिहास की सबसे बड़ी क्रांति या उपलब्धि मान रहे हैं। स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर फेई-फेई ली का मानना है कि AI इंसानों को बदलने नहीं, बल्कि उनकी क्षमता को कई गुना बढ़ाने के लिए है। सच भी यही दिख रहा है। इंसान थक सकते हैं और उन्हें ब्रेक की जरूरत होती है, लेकिन AI बिना थके चौबीसों घंटे पूरी सटीकता से काम कर सकता है।डेटा एंट्री, ईमेल का जवाब देना, और फाइलें मैनेज करने जैसे रोजमर्रा के उबाऊ कामों को AI सेकंडों में निपटा देता है। इससे कर्मचारियों का कीमती समय बचता है।ChatGPT, Gemini और Claude जैसे टूल्स युवाओं के लिए 24/7 को-पायलट की तरह काम करते हैं। इनकी मदद से कोडिंग, नई भाषाएं, या जटिल बिजनेस स्ट्रेटेजी आसानी से सीखी जा सकती हैं। शिक्षित युवा AI की मदद से अपने कार्यों को तुरंत कर सकते हैं।थकान या भावनाओं में आकर इंसान गलतियां कर सकता है, लेकिन AI केवल उपलब्ध डेटा के आधार पर सटीक फैसले लेता है। अंतरिक्ष मिशन, गहरे समुद्र की खोज, या माइनिंग जैसे खतरनाक कामों में इंसानों की जगह AI रोबोट्स का इस्तेमाल जान माल के खतरे को भी टालता है।AI के माध्यम से एक्स-रे, एमआरआई और सीटी स्कैन की रिपोर्ट देखकर कैंसर और ट्यूमर जैसी घातक बीमारियों का पता शुरुआती स्टेज में ही लगा लेते हैं।मेडिकल रिसर्च में AI की मदद से नई दवाओं को विकसित करने का समय सालों से घटकर महीनों में रह गया है।बैंकों और ई-कॉमर्स वेबसाइट्स पर ग्राहकों की समस्याओं को हल करने के लिए अब लंबा इंतजार नहीं करना पड़ता। AI चैटबॉट्स तुरंत सटीक समाधान देते हैं।AI कंपनियों को यह समझने में मदद करता है कि भविष्य में मार्केट का ट्रेंड क्या होगा और ग्राहक क्या खरीदना पसंद करेंगे।लेकिन वहीं महान भौतिक विज्ञानी स्टीफन हॉकिंग ने चेताया भी था कि AI मानव इतिहास की सबसे बड़ी उपलब्धि हो सकती है, लेकिन अगर जोखिमों को न संभाला गया तो खतरनाक भी। AI और ऑटोमेशन के कारण रूटीन और डेटा-आधारित नौकरियों के खत्म होने का बड़ा जोखिम है, जिससे बेरोजगारी बढ़ सकती है। AI टूल्स का उपयोग करके फेक इमेज, वीडियो और ऑडियो बनाकर बदनाम करना या ब्लैकमेल करने का डर भी लगा रहता है, AI टूल्स के माध्यम से फेक फोटो वीडियो तैयार कर अफवाहें फैलायी जा सकती हैं और चुनाव या सामाजिक शांति प्रभावित हो सकती है। AI सिस्टम को प्रशिक्षित करने के लिए भारी मात्रा में डेटा की आवश्यकता होती है, जिससे उपयोगकर्ताओं की निजी जानकारी लीक होने और दुरुपयोग होने का खतरा भी बना रहता है।AI मॉडल जिन डेटाबेस पर प्रशिक्षित होते हैं, यदि उनमें पूर्वाग्रह हो, तो AI के परिणाम भी पक्षपाती या भेदभावपूर्ण हो सकते हैं।हैकर्स द्वारा भी अधिक परिष्कृत साइबर हमले और मैलवेयर बनाने के लिए AI का दुरुपयोग किया जा रहा है।अत्यधिक निर्भरता से लोगों की सोचने-समझने की क्षमता और रचनात्मकता प्रभावित हो रही है, साथ ही स्क्रीन टाइम बढ़ने से स्वास्थ्य समस्याएं और नई बिमारीयां पैदा हो रही हैं।

संभावना और सतर्कता का संतुलनत तकनीकी क्रांति के इस दौर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस को पूरी तरह नकारना असंभव है। यह चिकित्सा से लेकर अंतरिक्ष विज्ञान तक हर क्षेत्र में नए रास्ते खोल रहा है। लेकिन इसके साथ आने वाली चुनौतियाँ, जैसे नौकरी का संकट और डीपफेक और निजता का खतरा, इसे एक दोधारी तलवार बनाते हैं। AI के सुरक्षित भविष्य के लिए केवल तकनीकी विकास ही काफी नहीं है, बल्कि सरकारों द्वारा कड़े नियम रेगुलेशन और नैतिक दिशा निर्देशों का निर्माण भी बेहद जरूरी है। अंततः AI का भविष्य इस बात पर निर्भर करेगा कि मानव समाज इसका उपयोग खुद को और सशक्त बनाने के लिए करता है या फिर अपनी समस्याओं को बढ़ाने के लिए। तकनीक तब तक एक बेहतरीन तरीके से काम कर सकती है, जब तक इसका नियंत्रण समझदार और परिपक्व हाथों में रहे।

दिलीप कुमार(डि के सिरोही), गोल(सिरोही)राजस्थान, 9982678596

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments