Tuesday, October 20, 2026
Homeगुजरात18 वर्षीय कक्षा 12 के छात्र ने 13वीं मंजिल के कूदकर खुदकुशी...

18 वर्षीय कक्षा 12 के छात्र ने 13वीं मंजिल के कूदकर खुदकुशी की, युवक ने कहा मेरी इच्छा से यह कदम उठा रहा हूं

मूकनायक समाचार । सूरत

सूरत शहर के गोडादरा क्षेत्र में कपड़ा व्यापारी के 18 वर्षीय बेटे ने नए फ्लैट की 13वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। मृतक धनेश रामचंद्र प्रजापति कक्षा 12 कॉमर्स का छात्र था। अंतिम कदम उठाने से पहले उसने करीब 7 मिनट का वीडियो बनाया और अपने छत्तीसगढ़ के रायपुर निवासी करीबी दोस्त को भेजा। घटना के बाद परिवार में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मूल रूप से राजस्थान निवासी धनेश प्रजापति वर्तमान में गोडादरा स्थित विनायक हाइट्स में परिवार के साथ रहता था। सोमवार सुबह करीब 5 बजे वह रोज की तरह व्यायाम करने के लिए घर से निकला था। काफी देर तक वापस नहीं लौटने पर परिवार ने उससे संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन फोन नहीं उठाया। इस दौरान धनेश गोडादरा स्थित राज आइकॉन बिल्डिंग में अपने नए फ्लैट की बालकनी में पहुंचा। वहां उसने अपनी मां और अपना मोबाइल फोन तथा चश्मा रखा और 13वीं मंजिल से नीचे छलांग लगा दी। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार अंतिम कदम उठाने से पहले धनेश ने अपनी मां के मोबाइल से करीब 7 मिनट का वीडियो बनाया था। वीडियो में उसने कहा कि वह अपनी इच्छा से यह कदम उठा रहा है, उस पर किसी का दबाव नहीं है और उसकी मौत के लिए कोई जिम्मेदार नहीं है। इसके बाद उसने वीडियो रायपुर में रहने वाले अपने करीबी दोस्त को भेज दिया था।
धनेश गोडादरा क्षेत्र की अरिहंत एकेडमी स्कूल में कक्षा 12 कॉमर्स में पढ़ता था। उसके पिता कपड़ा बाजार में व्यापार करते हैं और उसका एक छोटा भाई भी है। आत्महत्या के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
परिजनों के अनुसार जिस नए फ्लैट से धनेश ने यह कदम उठाया, वहां अभी फर्नीचर का काम चल रहा था। आगामी 12 अक्टूबर को नवरात्रि के दूसरे दिन नए घर में कुंभ स्थापित करने की तैयारी थी। घटना ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। गोडादरा पुलिस ने मामला दर्ज कर आत्महत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments