मूकनायक / रिपोर्टर धर्मवीर गौतम / हिंडौन सिटी
हिंडौन सिटी। वर्धमान महावीर ओपन यूनिवर्सिटी (वीएमओयू), कोटा की ओर से विद्यार्थियों की क्षमता और रोजगार की संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न अल्प अवधि के डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने के लिए 4 अक्टूबर 2026 अंतिम तिथि निर्धारित की गई है।
वीएमओयू अध्ययन केंद्र हिंडौन सिटी के मुख्य समन्वयक प्रोफेसर पप्पू राम कोली ने बताया कि विश्वविद्यालय की ओर से डिप्लोमा इन कंप्यूटर अकाउंटिंग एंड मैनेजमेंट, सर्टिफिकेट इन फलित ज्योतिष तथा सर्टिफिकेट इन कर्मकांड सहित विभिन्न पाठ्यक्रम उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इन पाठ्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों को कम समय में विशेष ज्ञान एवं व्यावहारिक कौशल उपलब्ध कराना है, ताकि वे रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार के अवसरों के लिए भी तैयार हो सकें।
उन्होंने बताया कि इन अल्प अवधि के पाठ्यक्रमों की खास बात यह है कि विद्यार्थी इन्हें अपनी नियमित डिग्री के साथ भी कर सकते हैं। जिन विद्यार्थियों ने अभी तक किसी कारणवश प्रवेश नहीं लिया है, वे बीए, बीकॉम, बीएससी सहित डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट पाठ्यक्रमों में 4 अक्टूबर तक ऑनलाइन माध्यम से प्रवेश ले सकते हैं।
अध्ययन केंद्र हिंडौन सिटी के समन्वयक डॉ. श्रीनिवास गुर्जर ने बताया कि महिला विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के लिए निशुल्क शिक्षा का लाभ दिया जा रहा है। प्रवेश के बाद निर्धारित फीस का पुनर्भरण राज्य सरकार की ओर से किया जाएगा। इसके अलावा अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थियों को समाज कल्याण विभाग की ओर से छात्रवृत्ति का लाभ भी मिल सकेगा।

