Tuesday, October 20, 2026
Homeमध्यप्रदेशबालाघाट में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन: 37 बैगा...

बालाघाट में भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी का प्रदर्शन: 37 बैगा बच्चों की मौत पर ₹30 लाख मुआवजे और स्वास्थ्य मंत्री के इस्तीफे की मांग; अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की भी आवाज बुलंद

मूकनायक/पंकज डोंगर
बालाघाट/ मध्य प्रदेश

बालाघाट। जिले में 37 बैगा आदिवासी मासूम बच्चों की मौत के मामले और अतिथि शिक्षकों की समस्याओं को लेकर भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोल दिया है। दोनों संगठनों की ओर से मुख्यमंत्री और जिला प्रशासन के नाम एक ज्ञापन सौंपा गया, जिसमें पीड़ित परिवारों को न्याय देने और प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की पुरजोर मांग की गई।
यह ज्ञापन आजाद समाज पार्टी (कांशीराम), जिला बालाघाट के जिला अध्यक्ष निलेश बौद्ध के हस्ताक्षर से प्रस्तुत किया गया। इस दौरान मुख्य रूप से राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव सहित भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
सौंपे गए ज्ञापन में प्रमुख रूप से निम्नलिखित मांगें उठाई गई हैं:

  • पीड़ित परिवारों को ₹30 लाख की सहायता: बैगा आदिवासी क्षेत्रों में जान गंवाने वाले मासूम बच्चों के प्रत्येक पीड़ित परिवार को ₹30 लाख की आर्थिक सहायता राशि दी जाए।
  • स्वास्थ्य मंत्री का इस्तीफा: आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की नाकामी और बच्चों की मौत की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए मध्य प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री तत्काल अपने पद से इस्तीफा दें।
  • मूलभूत सुविधाओं का विस्तार: प्रभावित बैगा क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शुद्ध पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जाए।
  • स्वास्थ्य शिविर और सामुदायिक केंद्र: बैगा बाहुल्य क्षेत्रों में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खोले जाएं और हर महीने नियमित रूप से स्वास्थ्य चिकित्सा शिविरों का आयोजन हो।
  • कुपोषण पर वार: कुपोषण से बचाव के लिए बच्चों को नियमित रूप से संतुलित आहार उपलब्ध कराया जाए और ‘नल-जल योजना’ के माध्यम से हर घर तक शुद्ध पेयजल सुनिश्चित हो।
  • घटना की निष्पक्ष जांच: किरनापुर थाना क्षेत्र के टिमकीटोला (पोस्ट नवसी, तहसील किरनापुर) में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
  • स्कूलों का सुदृढ़ीकरण: शासकीय सीएपीनी विद्यालय में ग्रामीण सरकारी स्कूलों के विलय के बाद, उस विद्यालय को पूरी तरह सुविधायुक्त और संसाधन संपन्न बनाया जाए।
    अतिथि शिक्षकों के नियमितीकरण की भी उठी मांग
    बच्चों की मौत के मामले के साथ ही भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी ने लंबे समय से सेवाएं दे रहे अतिथि शिक्षकों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। ज्ञापन में मांग की गई है कि कार्यानुभव एवं पात्रता के आधार पर एक सम्मानजनक नीति बनाकर अतिथि शिक्षकों का नियमितीकरण किया जाए। साथ ही उन्हें सम्मानजनक वेतन और 12 महीने का सेवा अनुबंध प्रदान किया जाए ताकि उनका भविष्य सुरक्षित हो सके।
    15 दिनों का अल्टीमेटम: भोपाल या बालाघाट में होगा बड़ा आंदोलन
    भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के नेताओं ने शासन-प्रशासन को चेताते हुए 15 दिनों का अल्टीमेटम दिया है। राष्ट्रीय कोर कमेटी के सदस्य दामोदर यादव ने स्पष्ट रूप से कहा है कि यदि इस सौंपे गए ज्ञापन और मांगों पर अगले 15 दिनों के भीतर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जाती है, तो दामोदर यादव के नेतृत्व में पुनः भोपाल या बालाघाट में इससे भी बड़ा और उग्र आंदोलन किया जाएगा। दोनों संगठन मांगों के पूरे होने तक अपना संघर्ष जारी रखेंगे।
    इस अवसर पर मुख्य रूप से उपस्थित रहे:
    ज्ञापन सौंपने के दौरान मुख्यअतिथि
    . दामोदर यादव मंडल. कोर क. सदस्य आसपा (कां) दलित पिछड़ा आदि. समाज राष्ट्रीय अध्यक्ष
    अमीत बंसोड
    प्रदेश महासचिव
    आजाद समाज पार्टी काशीराम सी.एन. बौध्द-संभाग सचिव
    निलेश बौध्द आजाद समाज पार्टी बालाघाट
    रितेश बोरकर जिलाध्यक्ष भीम आर्मी बालाघाट
    रंजित वासनिक
    प्रमुख मार्गदर्शक अ शि संघ
    संजय राणा – जिला सचिव अतिथि शिक्षक संघ
    तरुण उपवंशी
    जिलाध्यक्ष अ.शि.सं. सहित भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी के अनेक कार्यकर्ता और पदाधिकारी उपस्थित थे।
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments