Saturday, November 28, 2026

मूकनायक एम एल चौहान/जलमाना/असंध/हरियाणा जलमाना, 25 नवंबर। प्रथम पातशाही श्री गुरु नानक देव जी महाराज के प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में बुधवार को जलमाना में भव्य नगर कीर्तन श्रद्धा एवं उत्साह के साथ निकाला गया। पांच प्यारों की अगुवाई में सुंदर फूलों से सुसज्जित पालकी साहिब में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का प्रकाश कर नगर कीर्तन का शुभारंभ गुरुद्वारा छावना साहिब से किया गया। इस दौरान पूरा क्षेत्र सतनाम-वाहेगुरु के जयकारों और गुरबाणी के मधुर स्वर से भक्तिमय हो उठा। बड़ी संख्या में साध-संगत ने नगर कीर्तन में शामिल होकर गुरु साहिब के प्रति अपनी श्रद्धा प्रकट की।गुरु नानक देव जी ने समूचे विश्व को एक ओंकार, मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। उनकी महान शिक्षाओं नाम जपो, किरत करो और वंड छको ने मानव जीवन को सच्चाई, ईमानदारी और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी। उन्होंने समाज में फैले जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव का विरोध करते हुए समस्त मानवता को एक समान मानने का संदेश दिया। उनकी शिक्षाएं आज भी विश्व शांति, सामाजिक सद्भाव और मानव कल्याण के लिए प्रासंगिक हैं।नगर कीर्तन गुरुद्वारा छावना साहिब से प्रारंभ होकर पुलिस चौकी वाली गली, गुरुद्वारा खारा साहिब, पटवार खाना वाली गली, गुरुद्वारा नौखरिया साहिब, चोरकारसा मार्ग, गुरुद्वारा सिंह सभा पीखी, गुरुद्वारा फुलरबानिया, प्राचीन भगवान वाल्मीकि आश्रम, नेशनल हाईवे-709ए, गुरु रविदास बेगमपुर धाम, बस स्टैंड, कुरलान मार्ग स्थित भगवान वाल्मीकि आश्रम तथा श्री गुरु रविदास ऐतिहासिक धर्मस्थान एवं सरोवर से होते हुए सायंकाल पुनः गुरुद्वारा छावना साहिब पहुंचकर संपन्न हुआ।इस दौरान विभिन्न धार्मिक स्थलों की प्रबंधक समितियों और श्रद्धालुओं ने नगर कीर्तन का पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया। पांच प्यारों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया तथा पालकी साहिब को रमाला साहिब भेंट किए गए। जगह-जगह चाय-पकौड़े और फलों के लंगर लगाए गए। युवाओं ने मार्ग पर सफाई, जल छिड़काव और पुष्पवर्षा कर सेवा निभाई। आतिशबाजी के साथ श्रद्धालुओं ने प्रकाश पर्व की खुशियां मनाईं। बाजारों में दुकानदारों और स्थानीय लोगों ने पालकी साहिब के समक्ष माथा टेककर परिवार की सुख-समृद्धि की अरदास की।इस अवसर पर गुरुद्वारा छावना साहिब समिति संचालक बाबा सुखा सिंह कार सेवा करनाल, हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के प्रधान जगदीश सिंह झींडा, हैड ग्रंथी बाबा परविंद्र सिंह, गुरुद्वारा समिति प्रधान गुरदीप सिंह रामगढ़िया, ज्ञानी जरनैल सिंह,काबल सिंह,पटवारी परमजीत सिंह खारा,बूटा सिंह,तरसेम सिंह खारा,शमशेर सिंह,काबल सिंह, हिम्मत सिंह, कुलबीर सिंह, भूपेंद्र सिंह, सुखचैन सिंह,लखविंद्र सिंह और गुर्जेंट सिंह संदीप सिंह सहित साध संगत मौजूद रही।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments