Saturday, November 28, 2026
Homeलेखअसफलता अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत है: मिल्खा सिंह के अटूट साहस...

असफलता अंत नहीं, बल्कि नई शुरुआत है: मिल्खा सिंह के अटूट साहस और संघर्ष की एक प्रेरक अमर गाथा

मूकनायक/बिरदी चंद गोठवाल/नारनौल✍️✍️


जीवन में सफलता का स्वाद केवल उन्हीं लोगों को चखने को मिलता है, जो विपरीत परिस्थितियों के आगे घुटने टेकने के बजाय उनसे डटकर मुकाबला करने का साहस रखते हैं। भारत के महान धावक मिल्खा सिंह का जीवन इसी दृढ़ इच्छाशक्ति और कठोर परिश्रम की एक जीवंत मिसाल है । भारत-पाकिस्तान विभाजन की त्रासदी में मिल्खा सिंह ने अपने माता-पिता और परिवार को खो दिया था। बचपन में ही अनाथ होकर वे किसी तरह दिल्ली पहुंचे और शरणार्थी शिविरों में रहने लगे। गरीबी, भूख और निरंतर संघर्ष ने उनके जीवन को बेहद कठिन बना दिया था। एक दिन उन्होंने स्वयं से प्रश्न किया कि क्या वे ताउम्र हालातों के गुलाम बने रहेंगे या अपने प्रयासों से एक नई पहचान गढ़ेंगे। इसी एक विचार ने उनके जीवन की दिशा बदल दी।


मिल्खा सिंह ने अपने संघर्ष को आगे बढ़ाते हुए भारतीय सेना में भर्ती होने का निश्चय किया। शुरुआती कई प्रयासों में उन्हें असफलता हाथ लगी, परंतु उन्होंने हार नहीं मानी और अंततः वे सेना में चुन लिए गए। वहां अभ्यास के दौरान मिलने वाला एक गिलास दूध उनके लिए नई ऊर्जा और प्रेरणा बन गया। मिल्खा सिंह रोजाना कई घंटों तक कड़ा अभ्यास करते थे। तेज धूप हो या मूसलाधार बारिश, वे अपने लक्ष्य से कभी नहीं डिगे। उनकी इसी अटूट लगन और अनुशासन ने उन्हें विश्व स्तरीय धावक बना दिया। उन्होंने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीतकर देश का मान बढ़ाया। वर्ष 1960 के रोम ओलंपिक में वे पदक जीतने से मामूली अंतर से चूक गए, लेकिन इस हार ने भी उनके हौसले को डिगने नहीं दिया। उनकी अद्भुत गति के कारण दुनिया ने उन्हें ‘फ्लाइंग सिख’ का सम्मान दिया। यह प्रेरक प्रसंग हमें सिखाता है कि असफलता कभी अंत नहीं होती, बल्कि यह आत्ममंथन कर आगे बढ़ने का एक सुनहरा अवसर है।

Durgendra Samrat
Durgendra Samrathttp://www.mooknayaknews.com
Durgendra Samrat मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं वर्तमान में वे Mooknayak News में State Sub Editor के पद पर कार्यरत हैं। उन्हें प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में तीन वर्षों से अधिक का अनुभव प्राप्त है। राजनीति, चुनाव, व्यवसाय, सामाजिक मुद्दों, अपराध और जमीनी सरोकारों से जुड़े विषयों पर उनकी गहरी समझ और मजबूत पकड़ है निष्पक्ष, तथ्यपरक और जनहितकारी पत्रकारिता के लिए जाने जाते है।
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments