संविधान दिवस पर संविधान निर्माताओं को किया नमन, सामाजिक एवं आर्थिक न्याय, नागरिक कर्तव्यों और विकसित भारत के संकल्प को बताया महत्वपूर्ण

नई दिल्ली। संविधान दिवस के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने विशेष लेख ‘देश का पथप्रदर्शक: हमारा संविधान’ के माध्यम से भारतीय संविधान की महत्ता, संविधान निर्माताओं के योगदान, लोकतांत्रिक मूल्यों और देश की विकास यात्रा पर अपने विचार साझा किए हैं। उन्होंने 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान अंगीकार किए जाने के ऐतिहासिक अवसर का स्मरण करते हुए डॉ. राजेंद्र प्रसाद, डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर और संविधान सभा के सभी सदस्यों को नमन किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान निर्माताओं ने आधुनिक संविधान के निर्माण में भारत की समृद्ध परंपराओं और सभ्यता के अनुभवों को महत्वपूर्ण स्थान दिया। भारत जैसे विविधताओं वाले देश में संविधान की भावना केवल संसद और न्यायालयों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसकी गूंज जन-जन तक पहुंचनी चाहिए। विशेषकर युवाओं में संविधान के प्रति जागरूकता और जुड़ाव बढ़ाने के उद्देश्य से 26 नवंबर को संविधान दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया था।
अपने जीवन के अनुभव साझा करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि एक साधारण परिवार में जन्म लेने वाले व्यक्ति का दुनिया के सबसे बड़े लोकतंत्र की सेवा का दायित्व संभालना संविधान की असाधारण शक्ति का प्रमाण है। संविधान की बदौलत किसी व्यक्ति के जन्म की परिस्थितियां उसके भविष्य की सीमाएं तय नहीं करतीं। उन्होंने कहा कि संविधान को अधिक सशक्त बनाकर इसके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का प्रयास किया गया है।
प्रख्यात संवैधानिक विशेषज्ञ ग्रैनविले ऑस्टिन के विचार का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने भारतीय संविधान को मुख्य रूप से एक सामाजिक दस्तावेज बताया। उन्होंने कहा कि सामाजिक और आर्थिक न्याय की भावना संविधान के मूल में समाहित है। विश्व बैंक की एक रिपोर्ट का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत के करीब 50 करोड़ लोग अत्यंत गरीबी से बाहर निकले हैं। इससे करोड़ों परिवार अपने बच्चों के बेहतर भविष्य के सपने देख पा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना और पीएम स्वनिधि जैसी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इनके माध्यम से गरीब परिवारों को पक्के मकान, महिलाओं को धुएं से मुक्ति, जरूरतमंदों को बेहतर उपचार तथा छोटे उद्यमियों और रेहड़ी-पटरी वालों को बिना गारंटी ऋण उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है। उन्होंने इन योजनाओं को सामाजिक और आर्थिक न्याय के संवैधानिक आदर्शों को धरातल पर उतारने का माध्यम बताया।
डिजिटल तकनीक, रूपे कार्ड और यूपीआई जैसे प्लेटफॉर्म तक आम नागरिकों की पहुंच को समावेशिता का उदाहरण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान की शक्ति सामान्य नागरिक को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।
संविधान संशोधनों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने बताया कि 101वें संविधान संशोधन से जीएसटी जैसे बड़े सुधार का रास्ता खुला। 102वें संविधान संशोधन के माध्यम से राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग को संवैधानिक दर्जा मिला, जबकि 103वें संविधान संशोधन के तहत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के लिए 10 प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई। उन्होंने इसे आर्थिक रूप से वंचित परिवारों की आकांक्षाओं को पूरा करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान का अद्यतन संस्करण आठवीं अनुसूची में शामिल सभी 22 भाषाओं में उपलब्ध है, जिससे संविधान जनसामान्य के और करीब आया है। भारतीय न्याय संहिता का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इसके माध्यम से औपनिवेशिक दौर की दंड व्यवस्था में मौलिक बदलाव लाने का प्रयास किया गया है। पहले की व्यवस्था में दंड पर जोर था, जबकि भारतीय न्याय संहिता का जोर नागरिक आधारित व्यवस्था और न्याय पर है।
नागरिक कर्तव्यों पर जोर देते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि भारतीय सभ्यता में प्रत्येक व्यक्ति को अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का बोध कराने की परंपरा रही है। स्वच्छ भारत अभियान से लेकर जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण तक अनेक जन आंदोलनों में कर्तव्य भावना की महत्वपूर्ण भूमिका दिखाई देती है।
संविधान के इतिहास और संशोधनों का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने 1951 में हुए पहले संविधान संशोधन के 75 वर्ष पूरे होने की बात कही। उन्होंने आरोप लगाया कि उस समय अंतरिम संसद में बहुमत का उपयोग नागरिकों की मौलिक स्वतंत्रता को सीमित करने के लिए किया गया था। उनके अनुसार यह संशोधन देश के पहले आम चुनाव से कुछ महीने पहले किया गया था।
इसी प्रकार आपातकाल के दौरान किए गए 42वें संविधान संशोधन के 50 वर्ष पूरे होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस संशोधन ने न्यायिक समीक्षा की शक्ति को सीमित किया और संवैधानिक संस्थाओं के बीच शक्तियों के संतुलन को प्रभावित किया। उन्होंने युवाओं से 38वें और 39वें संविधान संशोधनों का भी अध्ययन करने का आग्रह किया।
प्रधानमंत्री ने चुनी हुई राज्य सरकारों को बर्खास्त करने के लिए संविधान के अनुच्छेद 356 के बार-बार दुरुपयोग को भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का चिंताजनक अध्याय बताया। उन्होंने कहा कि एक राजनीतिक दल के नाम करीब सौ बार अनुच्छेद 356 के इस्तेमाल का रिकॉर्ड दर्ज है।
जम्मू-कश्मीर का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि अनुच्छेद 370 और 35-ए के कारण 70 वर्ष से अधिक समय तक वहां पूरा भारतीय संविधान लागू नहीं हो पाया। उनके अनुसार इससे अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और महिलाओं के अधिकार प्रभावित हुए। उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 में इस ऐतिहासिक अन्याय का अंत हुआ।
नक्सलवाद के मुद्दे पर प्रधानमंत्री ने कहा कि दशकों तक देश के अनेक हिस्सों, विशेषकर आदिवासी क्षेत्रों में नक्सलियों ने हथियारों के बल पर गरीब लोगों को उनके संवैधानिक अधिकारों से वंचित रखा। उन्होंने इस वर्ष नक्सलवाद के खात्मे पर संतोष व्यक्त करते हुए कहा कि अब गरीब से गरीब व्यक्ति भी बिना भय के अपने संवैधानिक अधिकारों का इस्तेमाल कर सकता है। उन्होंने नक्सलवाद से जुड़ी वैचारिक चुनौतियों पर भी अपनी चिंता व्यक्त की।
प्रधानमंत्री ने विपक्ष की सबसे बड़ी पार्टी पर ओबीसी आरक्षण में कटौती करके मुसलमानों को आरक्षण देने की मंशा रखने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि संविधान निर्माता, विशेषकर डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर, इसके पूरी तरह खिलाफ थे।
संविधान निर्माण में महिलाओं के योगदान को महत्वपूर्ण बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि संविधान की यात्रा उन असाधारण महिलाओं के स्मरण के बिना अधूरी है, जिन्होंने इसे आकार देने में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने विधायी संस्थाओं में महिलाओं को पर्याप्त प्रतिनिधित्व देने के उद्देश्य से लाए गए विधेयक के पारित नहीं होने पर विपक्ष की आलोचना की और महिलाओं को न्याय दिलाने के संकल्प को दोहराया।
लोकतांत्रिक व्यवस्था में विपक्ष की भूमिका का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि विपक्ष को अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों का निर्वहन करना चाहिए। लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं में बाधा डालना अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियां निभाने का विकल्प नहीं हो सकता।
लेख के अंत में प्रधानमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत बनाने के सामूहिक संकल्प का उल्लेख करते हुए देशवासियों को दो महत्वपूर्ण मंत्र दिए। उन्होंने कहा कि हमारी सोच में ‘राष्ट्र प्रथम’ और प्रत्येक कार्य में ‘कर्तव्य भाव’ होना चाहिए। इन दोनों मंत्रों को मार्गदर्शक बनाकर तथा संविधान से शक्ति लेकर देश आने वाली पीढ़ियों का उज्ज्वल भविष्य सुनिश्चित कर सकता है।
स्रोत : पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी), रायपुर।
विशेष लेख : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी।

