मूकनायक/सरिता रानी
पानीपत
पानीपत रेलवे स्टेशन पर विभिन्न ट्रेनों के ठहराव की मांग को लेकर पूर्वांचल समाज के लोगों द्वारा पिछले तीन दिनों से किए जा रहे अनशन एवं धरने के बीच समाजसेवी एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता डॉ. ओमवीर सिंह पंवार धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने आंदोलनकारियों से मुलाकात कर उनकी मांगों का समर्थन किया।
डॉ. पंवार ने कहा कि पानीपत में पूर्वांचल एवं बिहार से बड़ी संख्या में लोग रहते हैं। उनके आवागमन की सुविधा को देखते हुए पानीपत रेलवे स्टेशन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव जरूरी है। उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़ी मांगों को शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से उठाना नागरिकों का अधिकार है। सरकार को इन मांगों पर गंभीरता से विचार करना चाहिए।
उन्होंने केंद्र सरकार एवं रेल मंत्रालय से मांग की कि पानीपत रेलवे स्टेशन पर आवश्यक ट्रेनों के ठहराव को शीघ्र मंजूरी दी जाए। उन्होंने कहा कि पानीपत से बिहार एवं पूर्वांचल के प्रमुख शहरों के लिए रेल संपर्क बेहतर होने से हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी और उन्हें आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिलेगी।
डॉ. पंवार ने कहा कि रेलवे को यात्रियों की संख्या और उनकी आवश्यकताओं के अनुरूप ट्रेनों के ठहराव तथा यात्री सुविधाओं में सुधार करना चाहिए। पानीपत जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक शहर में बेहतर रेल कनेक्टिविटी की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि वे पूर्वांचल समाज की जायज मांगों के साथ मजबूती से खड़े हैं और जनहित से जुड़े इस विषय को उचित मंचों पर उठाते रहेंगे। सतपाल राणा, बलदेव अरोड़ा, सत्यपाल नरवाल सहित पूर्वांचल समाज के अनेक लोग मौजूद रहे।

