हर परिवार एक पौधा अपनाए और उसकी जिम्मेदारी निभाए : पल्लवी
मूकनायक रमेश पोडिया/ मूनक/ करनाल/ हरियाणा
मुनक। पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ने की दिशा में विज्डम वेलफेयर सेवा समिति, मूनक की अध्यक्षा पल्लवी ने एक सराहनीय पहल करते हुए गांव मुनक से ‘हर घर पेड़’ अभियान का शुभारंभ किया। अभियान का उद्देश्य प्रत्येक परिवार को पौधारोपण के साथ-साथ पौधों की देखभाल और संरक्षण की जिम्मेदारी से जोड़ना है।
अभियान की शुरुआत के दौरान घरों के आसपास पौधे लगाए गए और ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। अध्यक्षा पल्लवी ने कहा कि पौधारोपण केवल किसी कार्यक्रम या विशेष अवसर तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि इसे प्रत्येक परिवार की जिम्मेदारी बनाना जरूरी है।
उन्होंने ग्रामीणों से आह्वान किया कि हर परिवार कम से कम एक पौधे को अपनाए और उसकी नियमित देखभाल करे। उन्होंने कहा, “एक पौधा लगाना प्रकृति को दिया गया छोटा-सा उपहार है, लेकिन उसकी देखभाल करना आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की जिम्मेदारी है।”
पल्लवी ने कहा कि बड़े बदलाव की शुरुआत छोटे कदम से होती है। यदि प्रत्येक परिवार अपने घर से हरियाली की शुरुआत करे तो पूरा गांव हरा-भरा बनाया जा सकता है। उन्होंने अभियान को भविष्य में आसपास के क्षेत्रों तक विस्तार देने की बात कही।
इस अवसर पर संस्था के सचिव अमन कुमार, रोशन लाल, केला देवी और शीतल ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई।
‘हर घर हरियाली, हर परिवार की जिम्मेदारी’ के संदेश के साथ शुरू हुआ यह अभियान पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

