मूकनायक/ इंद्री /करनाल/हरियाणा
इंद्री।थाना पुलिस ने मारपीट, जान से मारने की धमकी तथा जातिसूचक शब्द कहने के आरोप में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार गांव खेड़ा निवासी रामकुमार पुत्र फूल सिंह ने शिकायत देकर बताया कि उसका पुत्र यश मेहरा 2 अक्टूबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे इंद्री क्षेत्र में गया था।
शिकायत के मुताबिक, इसी दौरान सागर पुत्र पोला राम, सागर पुत्र दयाला राम सहित 8-9 अन्य लोगों ने कथित रूप से उसके पुत्र के साथ मारपीट की। आरोप है कि हमलावरों ने उसके सिर पर हमला किया और उसे सड़क की दूसरी तरफ ले जाकर पीटा।
शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया तथा जान से मारने की धमकी दी गई।
शिकायत में कहा गया है कि घायल यश मेहरा को उपचार के लिए सिविल अस्पताल इंद्री ले जाया गया, जहां चिकित्सकीय जांच की गई। बाद में मामले में मेडिकल रिपोर्ट भी पुलिस को उपलब्ध कराई गई।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 3 अक्टूबर 2026 को शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर थाना इंद्री में मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने भिन्न भिन्न धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है
पुलिस ने मामले की आगामी जांच के लिए संबंधित अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी है। एफआईआर में लगाए गए आरोपों की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है।

