विश्वकर्मा मंदिर और साईं मंदिर में चोरी के बाद नई घटना से बढ़ी चिंता, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
मूकनायक समाचार —/ सत्यशील गोंडाने / बालाघाट (मध्यप्रदेश)
वारासिवनी। नगर में लगातार सामने आ रही चोरी की घटनाओं के बीच वार्ड नंबर 8 स्थित महेश्वर नगर में आधी रात पांच संदिग्ध लोगों के हथियार लेकर घूमने का मामला सामने आया है। रहवासियों के अनुसार संदिग्धों ने रात के अंधेरे में करीब तीन मकानों में प्रवेश किया। इनमें दो मकानों के ताले और कुंडी टूटे मिले। घटना के बाद कॉलोनी में दहशत और चिंता का माहौल है। रहवासियों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।
कॉलोनीवासियों द्वारा 30 सितंबर को थाना वारासिवनी में दिए गए आवेदन के अनुसार घटना 28 सितंबर की रात करीब 2:08 बजे से 3 बजे के बीच की बताई गई है। आवेदन में उल्लेख किया गया है कि पांच अज्ञात व्यक्ति हथियार लेकर महेश्वर नगर में घूमते दिखाई दिए। इस दौरान उन्होंने करीब तीन घरों में प्रवेश किया।
रहवासियों के अनुसार संतोष चौधरी के मकान के गेट और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़ा गया तथा घर के भीतर सामान अस्त-व्यस्त मिला। वहीं जे.एस. चौबे के मकान के मुख्य दरवाजे का ताला और कुंडी भी टूटी हुई मिली। घटना की जानकारी सामने आने के बाद कॉलोनीवासियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को सूचना दी और जांच की मांग की।
पहले से चोरी की घटनाओं से परेशान नगरवासी
वारासिवनी नगर में हाल के दिनों में चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। वार्ड नंबर 5 स्थित विश्वकर्मा मंदिर और साईं मंदिर में ताले टूटने तथा दान पेटियां चोरी होने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। मंदिरों के अलावा सूने मकानों और अन्य स्थानों पर चोरी की घटनाओं की जानकारी से लोगों में सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।
महेश्वर नगर की ताजा घटना ने इस चिंता को और बढ़ा दिया है। रात के समय हथियार लेकर संदिग्धों के घूमने की बात सामने आने के बाद रहवासी अपने घरों और परिवार की सुरक्षा को लेकर सतर्क नजर आ रहे हैं।
सीसीटीवी फुटेज से संदिग्धों की पहचान के प्रयास
मामले को लेकर थाना प्रभारी अनूप कुमार उइके ने ‘जग प्रेरणा’ से फोन पर चर्चा में बताया कि महेश्वर नगर के रहवासियों द्वारा दिए गए आवेदन पर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। उपलब्ध सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
रात्रि गश्त के संबंध में थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस बल बाहर गया हुआ था, जो अब वापस आ गया है। क्षेत्र में पुलिस की गश्त व्यवस्थित रूप से कराई जा रही है।
पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग
महेश्वर नगर के रहवासियों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि घटना की गंभीरता से जांच कर अज्ञात लोगों की पहचान की जाए और यदि उनके खिलाफ अपराध प्रमाणित होता है तो वैधानिक कार्रवाई की जाए। साथ ही रात के समय कॉलोनी में नियमित पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग भी की गई है।
आवेदन के दौरान जे.एस. चौबे, रमेश मिश्रा, सिद्धांत ठाकुर, नितिन देवांगन, शैलेश सोनी, सुरेश जेठवानी, संतोष चौधरी, कालू जेठवानी सहित कॉलोनी के अन्य रहवासी उपस्थित रहे।
फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और आवेदन में बताए गए तथ्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। संदिग्धों की पहचान और घटना में उनकी भूमिका स्पष्ट होने के बाद ही मामले की पूरी तस्वीर सामने आ सकेगी….

