Tuesday, October 20, 2026
Homeउत्तर प्रदेशसपा को पिछड़े, दलित और अल्‍पसंख्‍यकों का चाहिए वोट, लेकिन टिकट देंगे...

सपा को पिछड़े, दलित और अल्‍पसंख्‍यकों का चाहिए वोट, लेकिन टिकट देंगे परिवार व पूंजीपतियों को- मायावती

लखनऊ। बसपा सुप्रीमो मायावती ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि सपा को वोट तो पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यकों का पर वो टिकट परिवार और पूंजीपतियों को देते हैं। जनता को इस बात को समझना चाहिए कि सपा का पीडीए एक छलावा है। वहीं, उन्होंने ये भी कहा कि राज्यसभा चुनाव में सपा का तीसरा उम्मीदवार सिर्फ फेस सेविंग के लिए ही होगा।

एक्स पर जारी किए गए बयान में उन्होंने कहा कि जैसाकि यह सर्वविदित है कि बसपा किसी भी छोटे-बड़े चुनाव में विरोधी पार्टियों में भी खासकर समाजवादी पार्टी की तरह अपने परिवार, सगे- सम्बंधी, भाई- भतीजों, करीबी रिश्ते-नातेदारों के साथ ही विशेषकर बड़े-बड़े पूंजीपतियों व धन्नासेठों आदि को टिकट नहीं देती है, यानी चुनावों में उनके धनबल का सहारा नहीं लेती है, बल्कि पार्टी में कार्यरत सर्वसमाज में से केवल गरीब, मध्यम वर्ग व कमजोर तबकों के कर्मठ अम्बेडकरवादी लोगों को ही अपनी पार्टी का उम्मीदवार बनाती है, अर्थात बीएसपी की राजनीति परिवारवाद व धनबल से मुक्त व पाक-साफ है, जबकि वहीं दूसरी तरफ सपा ठीक इसके विपरीत कार्य करती है, जो अपने आपको समाजवादी व कथित ’पीडीए’की पार्टी होने का राजनीतिक ढोंग व छलावा करती हुई ज्यादा नजर आती है।

उन्होंने आगे कहा कि इसका एक और खास व ताजा उदाहरण यह है कि सपा ने यूपी से राज्यसभा के लिये द्विवार्षिक चुनाव में रामगोपाल यादव को फिर से पर्चा भरवाया है जो सपा मुखिया के नजदीकी रिश्तेदार हैं, जबकि सपा ने अपनी पार्टी का दूसरा उम्मीदवार धनराज परिमल नाथवानी को बनाया है, जो चर्चित उद्योग घराने से सम्बद्ध हैं। लोगों की राय में सपा का तीसरा उम्मीदवार पहले की तरह संभवतः ‘फेस सेविंग’ व चुनाव हारने के लिये होगा तो इस प्रकार का है सपा, उसका ‘पीडीए’ व उस पार्टी का समाजवाद अर्थात् सपा को चुनाव में वोट तो ’पीडीए’ का चाहिये, लेकिन सांसद व विधायक आदि ज़्यादातर अपने परिवार वालों को व बड़े-बड़े पूंजीपतियों को बनाती है। अतः जनता इनके ‘पीडीए’ के बहकावे में ना आये तो यह सही होगा।

कौशल किशोर
कौशल किशोरhttp://www.mooknayaknews.com
कौशल किशोर मीडिया जगत का एक विश्वसनीय और प्रतिष्ठित नाम हैं. वर्तमान में Mooknayak में जिला ब्यूरो चीफ लखनऊ व न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत कौशल को प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 6 से अधिक वर्षों का लंबा और समृद्ध अनुभव है. राजनीति, चुनाव, बिजनेस, सामाजिक मुद्दों, क्राइम और करंट अफेयर्स जैसी हर प्रमुख बीट पर मजबूत पकड़ रखने वाले कौशल अपनी निष्पक्ष और सटीक पत्रकारिता के लिए जाने जाते हैं. डिजिटल दौर में वे ट्रेडिशनल जर्नलिज्म के अनुभवों को न्यू-एज मीडिया और SEO स्ट्रेटेजी के साथ जोड़कर खबरों को नया आयाम दे रहे हैं.
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments