मूकनायक समाचार । सूरत
मजदूरों की सुरक्षा के सामने कई बार दुर्घटना होती है तब पता चलता है। ऐसी कई मिलों है जिसमें मजदूरों की सुरक्षा का कोई ध्यान नहीं रखा जाता है। उधना में रोड क्रमांक 2 पर चल रही ‘कृष्णा डाइंग मिल’ में बॉयलर फटा था।
यह विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि पूरे मिल परिसर में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल छा गया, जिसके साथ ही भीषण आग भड़क उठी। बॉयलर ब्लास्ट की चपेट में आने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिसके चलते उन्हें तुरंत इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है।
फैक्टरी में रोजमर्रा का काम चल रहा था तभी अचानक तकनीकी खराबी या प्रेशर बढ़ने के कारण बॉयलर धमाके के साथ फट गया और आग भड़क उठी। यह भीषण विस्फोट इतना भयानक था कि आसपास की इकाइयों के मजदूर भी घबराकर बाहर दौड़ गए।
इस हादसे में पास में काम कर रहे विकास कदम (34), सूरज (21), दीपक पाटिल (36) और करण (34) नाम के चार मजदूर आग की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। बाद में 108 एम्बुलेंस के जरिए चारों घायलों को तुरंत सूरत नई सिविल अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर और बर्न्स वार्ड में भर्ती कराया गया। सिविल अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, ये चारों पीड़ित लगभग 50 से 55 प्रतिशत तक झुलस गए हैं और बाहरी चोटों को देखते हुए उनकी हालत बेहद नाजुक होने का बताया जा रहा है।
आग पर काबू पाने के लिए दमकल की करीब 15 गाड़ियां और 80 कर्मचारी मौके पर पहुंचे। दमकलकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। फिलहाल स्थिति सामान्य बताई जा रही है। बॉयलर फटने की वजह का अभी पता नहीं चला है। फायर डिपार्टमेंट और पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि मिल में सुरक्षा नियमों का पालन किया जा रहा था या नहीं। अचानक तकनीकी खराबी या प्रेशर बढ़ने के कारण बॉयलर फटने का अनुमान लगाया जा रहा है।

