मूकनायक/राजेश कुमार जिला ब्यूरो चीफ बस्ती/उत्तर प्रदेश
सर्वसमाज को पार्टी से जोड़ने और बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने का आह्वान
बस्ती। बहुजन समाज पार्टी की ओर से मंगलवार को रुधौली विधानसभा क्षेत्र का विधानसभा स्तरीय कार्यकर्ता सम्मेलन मानिकचंद चौराहा स्थित अपना मैरिज लॉन में आयोजित किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। कार्यक्रम के दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य मोहम्मद खालिक उर्फ बिलन्दर को रुधौली विधानसभा का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य मंडल प्रभारी डॉ. मदनराम रहे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए संगठन को मजबूत करने और एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को किसी के बहकावे में आने के बजाय संगठन के साथ मजबूती से खड़े रहकर पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करना चाहिए।
डॉ. मदनराम ने सम्मेलन के दौरान मोहम्मद खालिक उर्फ बिलन्दर को रुधौली विधानसभा का प्रभारी प्रत्याशी घोषित किए जाने की जानकारी दी। मोहम्मद खालिक लंबे समय से बसपा से जुड़े होने की बात कहते हुए क्षेत्र में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय हैं। वह वर्तमान में रामनगर ब्लॉक से जिला पंचायत सदस्य हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं पिछड़ा वर्ग भाईचारा मुख्य मंडल संयोजक भीम राजभर ने की। उन्होंने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने और सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने बसपा सरकार के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ की विचारधारा के साथ कार्य किए जाने की बात कही। साथ ही ओबीसी समाज सहित सर्वसमाज के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में बहुजन समाज पार्टी से जुड़ने की अपील की।
सम्मेलन में विशिष्ट अतिथियों के रूप में मुख्य मंडल प्रभारी इन्दल राम, धर्मदेव प्रियदर्शी, रामसूरत चौधरी, पूर्व एमएलसी लालचंद निषाद, मंडल जोन प्रभारी के.के. गौतम और कल्पनाथ बाबू मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन के.के. गौतम ने किया।
वक्ताओं ने बसपा शासनकाल में किए गए कार्यों का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत करने तथा सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने की अपील की। बसपा जिलाध्यक्ष जय हिन्द गौतम ने कहा कि पार्टी को बूथ स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यकर्ताओं को सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को संगठन से जोड़ने और आगामी चुनाव को लेकर बूथ स्तर पर तैयारियां तेज करने पर जोर दिया।
सम्मेलन में शिव गणेश, राजेंद्र प्रसाद, जब्बार अली, सुभाष गौतम, रामचेत निराला, केपी राठौर, आशुतोष सिंह, अजय कुमार पाण्डेय, केसी मौर्य, अलीम अहमद, अनूप कुमार एडवोकेट, दीपक कुमार, राना अंबेडकर, महेंद्र कुमार गौतम समेत बड़ी संख्या में बसपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं समर्थक मौजूद रहे।
सम्मेलन के माध्यम से बसपा नेताओं ने संगठन की एकजुटता, बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने और सर्वसमाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने पर जोर दिया।

