मूकनायक समाचार । सूरत
सूरत के कपड़ा उद्योग में व्यापारियों और जॉबवर्क करने वाली इकाइयों के साथ धोखाधड़ी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही। हाल ही में सारोली में हुई करोड़ों की ठगी के बाद अब शहर के मुख्य टेक्सटाइल क्षेत्र सलाबतपुरा से एक और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां शातिर ठगों ने व्यवस्थित तरीके से एम्ब्रॉइडरी का जॉबवर्क करने वाले 8 व्यापारियों को विश्वास में लेकर 1.09 करोड़ रुपये से अधिक की ठगी की है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने एम्ब्रॉइडरी मार्केट में सक्रिय अलग-अलग 8 व्यापारियों से संपर्क किया था। आरोपियों ने अपनी बड़ी फर्म होने का दावा कर बाजार से अधिक बड़े पैमाने पर जॉबवर्क देने का लालच दिया था। व्यापारियों को जाल में फंसाने के लिए शर्त रखी गई थी कि माल तैयार होने के 30 से 35 दिनों की निश्चित क्रेडिट अवधि में पूरा भुगतान कर दिया जाएगा। बड़े ऑर्डर की आशा में पीड़ित व्यापारियों ने दिन-रात मेहनत कर लाखों रुपये का एम्ब्रॉइडरी काम कर माल की डिलीवरी दे दी थी। जब 35 दिनों की अवधि पूरी हुई और व्यापारियों ने अपनी मेहनताना की उगाही शुरू की, तो शुरुआत में आरोपियों ने वायदे कर समय पास किया। अंततः लगभग 1,09,00,000 रुपये (एक करोड़ नौ लाख) की बड़ी रकम का भुगतान किए बिना आरोपियों ने अपनी ऑफिसें बंद कर दीं और सभी मोबाइल फोन बंद कर रफूचक्कर हो गए।
संपर्क के सभी रास्ते बंद हो जाने पर आखिरकार पीड़ित सभी 8 व्यापारी एकत्र होकर पुलिस थाने पहुंचे। इस मामले में व्यापारियों की संयुक्त शिकायत के आधार पर सलाबतपुरा पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी और विश्वासघात का मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज, बैंक खाता विवरण और कॉल डिटेल रिकॉर्ड के आधार पर फरार ठगों को पकड़ने के प्रयास तेज कर दिया है।

