साकड़ी, खैरलांजी (बालाघाट)। ग्राम पंचायत साकड़ी परिसर में 12 अक्टूबर को धम्मचक्र प्रवर्तन दिवस एवं भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना दिवस हर्षोल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों की संख्या में लोग शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 9 बजे भिक्षु संघ द्वारा पूजा-वंदना के साथ हुई। इसके पश्चात डीजे के साथ भव्य रैली निकाली गई। रैली ने पूरे गांव का भ्रमण किया और कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। इसके बाद उपस्थित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की गई।
मंचीय कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने तथागत गौतम बुद्ध, सम्राट अशोक, महात्मा ज्योतिबा फुले एवं भारत रत्न डॉ. बाबासाहेब आंबेडकर के जीवन, विचारों और संघर्षों पर प्रकाश डाला। वक्ताओं ने महापुरुषों के बताए मार्ग पर चलने, शिक्षा को महत्व देने तथा समाज में समानता, भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत रात्रि में कव्वाली का आयोजन किया गया। नागपुर से आए प्रसिद्ध कव्वाल विकास राजा ने महापुरुषों के जीवन, विचारों एवं सामाजिक जागरूकता पर आधारित गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। उनकी प्रस्तुति ने उपस्थित श्रोताओं का मन मोह लिया। देर रात तक चले इस कार्यक्रम का हजारों लोगों ने आनंद उठाया।
इस आयोजन का संचालन एवं आयोजन पंचशील बौद्ध समिति, एवं रहीश कुमार खांडेकर जी ने ग्राम साकड़ी के कार्यक्रम में शामिल हुए सभी अतिथियों, भिक्षु संघ, सहयोगकर्ताओं एवं श्रोताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।
स्थान: ग्राम पंचायत साकड़ी परिसर, तहसील खैरलांजी, जिला बालाघाट (मध्य प्रदेश)।

