Tuesday, October 20, 2026
Homeगुजरातअब खान-पान के शौकिनों को सावधान होना पडेगा, मानव स्वास्थ्य के लिए...

अब खान-पान के शौकिनों को सावधान होना पडेगा, मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक 69 किलोग्राम अखाद्य और बासी खाना मनपा ने किया नष्ट

मूकनायक समाचार । सूरत

खान-पान के शौकीनों को अब सावधान हो जाना पडेगा। सूरत में नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ खुलेआम खिलवाड़ हो रहा है जोकि अब इस प्रकार का कार्य करने वाले तत्वों के खिलाफ सूरत महानगरपालिका के फूड सेफ्टी विभाग ने लाल आंख की है। शहर में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए शुरू किए गए विशेष अभियान के तहत फूड विभाग की टीमों ने लगातार चौथे दिन शहर भर के 78 जाने-माने होटलों और रेस्टोरेंट में औचक निरीक्षण किया। इस बड़े पैमाने पर चल रहे चेकिंग अभियान के चलते होटल संचालकों और रेस्टोरेंट मालिकों में हड़कंप मच गया है।
जांच के दौरान कई होटल और रेस्टोरेंट के रसोईघरों में अत्यधिक गंदगी और अस्वास्थ्यकर स्थिति देखने को मिली। फ्रिज में रखी पुरानी ग्रेवी, बासी आटा, जला हुआ तेल और बदबूदार नॉन-वेज तथा शाकाहारी खाद्य पदार्थ मिले। टीमों ने मौके पर ही जांच कर मानव स्वास्थ्य के लिए खतरनाक 69 किलोग्राम अखाद्य और बासी खाने को फिनाइल डालकर नष्ट कर दिया। गुणवत्ता की जांच के लिए विभिन्न होटलों से तेल, मसाले, पनीर और ग्रेवी समेत 32 संदिग्ध खाद्य पदार्थों के सेम्पल एकत्र कर पब्लिक हेल्थ लेबोरेटरी में जांच के लिए भेजे गए हैं।
रसोई में साफ-सफाई के नियमों का पालन नहीं करने वाले, डस्टबिन खुले रखने वाले, कर्मचारियों द्वारा मास्क या हेड कैप न पहनने वाले तथा फूड लाइसेंस के नियमों का उल्लंघन करने वाले 39 होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को प्रशासन द्वारा कड़ी नोटिस जारी की है। इसके अलावा, मौके पर ही हाइजीन और सैनिटाइजेशन के नियमों का खुलेआम उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों से 1,34,900 रुपये का नकद जुर्माना मौके पर ही वसूला गया। फूड विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि आगामी त्योहारों को ध्यान में रखते हुए इस तरह का औचक निरीक्षण शहर के सभी जोन में लगातार जारी रहेगा और लेबोरेटरी रिपोर्ट में मिलावट साबित होने पर संचालकों के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज किया जाएगा।

- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments